Advertisement

विश्व भर में 'मंडेला डे'

नेलसन मंडेला

नेलसन मंडेला ने 67 साल तक दक्षिण अफ़्रीका में नस्लभेद के ख़िलाफ़ और लोकतंत्र के लिए संघर्ष किया.

दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला शनिवार को अपना 91वाँ जन्मदिन मना रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून, कई राष्ट्र प्रमुखों और दुनिया भर से जानी-मानी हस्तियों ने मंडेला को जन्म दिन की शुभकामनाएँ दी हैं.

नेल्सन मंडेला फाउंडेशन ने इस दिन को 'मंडेला डे' के रूप में मनाने की अपील की है. दक्षिण अफ़्रीकी सरकार ने फाउंडेशन की इस मांग को स्वीकार कर लिया है.

फाउंडेशन ने लोगों से मंडेला डे पर अपने-अपने समुदाय के लिए 67 मिनट काम करने की अपील है. मंडेला ने दक्षिण अफ़्रीका में नस्लभेद के ख़िलाफ़ और लोकतंत्र के लिए 67 साल तक संघर्ष किया था.

मंडेला डे पर न्यूयॉर्क में एक समारोह आयोजित किया गया है, जिसमें फ्रांस की पहली महिला और राष्ट्रपति निकोल सार्कोज़ी की पत्नी कार्ला ब्रूनी, स्टीव वंडर समेत कई दिग्गज कलाकार शिरकत करेंगे.

नोबेल पुरस्कार विजेता मंडेला पहले की तरह ये जन्मदिन भी अपने करीबियों और परिवार के साथ घर पर ही मनाएँगे.

मंडेला डे

ये हमारे हाथ में है कि दुनिया को कैसे बेहतर बनाया जाए

नेलसन मंडेला

मंडेला फाउंडेशन के संसाधन विकास प्रबंधक रुथ रेन्सबर्ग ने कहा, "ये दिन मंडेला द्वारा दिखाए गए जीवट और संकल्प का प्रतीक है. हम उम्मीद करते हैं कि लोग सिर्फ़ मंडेला डे पर ही नहीं बल्कि हर रोज अपने आसपास के समाज की बेहतरी के लिए काम करेंगे."

पूर्व में रिकॉर्ड किए गए एक इंटरव्यू में खुद मंडेला ने भी कहा है, "ये हमारे हाथ में है कि दुनिया को कैसे बेहतर बनाया जाए."

मंडेला को जन्मदिन पर दुनिया भर से बधाई संदेश मिल रहे हैं.

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है, "नेलसन मंडेला ने हमारे जीवन पर अमिट छाप छोड़ी है. न्याय और लोकतंत्र के लिए उनका संकल्प उन्हें महान व्यक्ति बनाता है."

दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति जैकब ज़ुमा ने कहा, "मंडेला ने हमें सिखाया कि अगर हम अपने दिल से नफ़रत को निकाल दें तो आत्मिक शांति और स्वतंत्रता हासिल कर सकते हैं."

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.