
इंडोनेशिया में दो होटलों - मैरियट और कार्लटन रिट्ज में धमाके हुए हैं
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के दो बड़े होटलों में धमाके हुए हैं जिनमें कम से कम नौ लोग मारे गए हैं और 50 लोग घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि जकार्ता के रिट्ज़-कार्लटन और मैरियट होटल दोनों में लगभग एक साथ धमाके हुए.
टीवी तस्वीरों में दिखाया गया है कि एक होटल को धमाके से ख़ासा नुक़सान हुआ है.
बीबीसी संवाददाता करिश्मा वासवानी का कहना है कि इन स्थानों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है.
दो स्थानों मैरियट और रिट्ज होटल में धमाके हुए. हम जाँच कर रहे हैं लेकिन इस समय हम लोगों की मदद में लगे हुए हैं
फ़रमैन बुंडी, दक्षिणी जकार्ता के पुलिस प्रमुख
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार दक्षिणी जकार्ता के पुलिस प्रमुख फ़रमैन बुंडी का कहना है कि मृतकों में कम से कम चार लोग विदेशी थे.
उन्होंने बताया,'' दो स्थानों - मैरियट और रिट्ज होटलों में धमाके हुए. हम जाँच कर रहे हैं लेकिन इस समय हम लोगों की मदद में लगे हुए हैं.''
एक प्रत्यक्षदर्शी मायरा जुनौर ने रॉयटर समाचार एजेंसी को बताया कि रिट्ज़-कार्लटन होटल की निचली मंज़िल की खिड़कियों के शीशे टूट गए.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं.
ये दोनों होटल जकार्ता के मुख्य कारोबारी स्थल में स्थित हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इन धमाकों से इंडोनेशिया की छवि को धक्का पहुँचा है क्योंकि 2003 में हुए धमाकों से अब उबरता हुआ नज़र आ रहा था.
इसके पहले जकार्ता के मैरियट होटल में भी हमला हो चुका है और उसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और सौ से अधिक लोग घायल हुए थे.
उल्लेखनीय है कि ये धमाके इंडोनेशिया में राष्ट्रपति चुनाव के दो हफ़्ते बाद हुए हैं.
















