|
|
 |
शुक्रवार, 10 अक्तूबर, 2003 को 04:00 GMT तक के समाचार फ़लस्तीन में फिर सत्ता संघर्ष?
|

|
फ़लस्तीन के प्रधानमंत्री अहमद क़ुरइ के आपातकालीन मंत्रिमंडल का अनुमोदन करने के लिए बलाया गया फ़लस्तीनी संसद का एक सत्र स्थगित कर दिया गया है.
 क़ुरइ ने अराफ़ात के सामने अपना इस्तीफ़ा देने की पेशकश की | उधर हाल ही में प्रधानमंत्री नियुक्त हुए अहमद क़ुरइ फ़लस्तीनी नेता यासिर अराफ़ात के साथ एक बैठक से उठकर ये कहते हुए चले गए कि वे प्रधानमंत्री का पद छोड़ना चाहते हैं.
रिपोर्टों के अनुसार फ़लस्तीनी प्रशासन में फिर सत्ता संघर्ष चल रहा है.
प्रधानमंत्री क़ुरइ के नज़दीकी सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि उन्होंने फ़लस्तीनी नेता यासिर अराफ़ात को इस बारे में बता दिया है.
उधर तीस टैंकों समेत इसराइली सेना का एक बड़ा दस्ता गज़ा पट्टी के रफ़ाह राहत शिविर में घुस गई है और वहाँ फ़लस्तीनी बंदूधारियों से झड़पें हुई हैं.
रिपोर्टों के अनुसार दो फ़लस्तीनी मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं. फलस्तीनियों का कहना है कि वहाँ बनाई गई सुरंगों को नष्ट करने के लिए ये कार्रवाई की गई है.
दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र में अरब देशों के कूटनीतिज्ञों ने इसराइल सरकार की पश्चिमी तट और इसराइल के बीच लगाई जाने वाली बाड़ के मुद्दे पर बहस करने के लिए सुरक्षा परिषद की एक बैठक बुलाए जाने का अनुरोध किया है.
इस्तीफ़े की पेशकश
फ़िलहाल ये स्पष्ट कि संसद का सत्र क्यों स्थगित किया गया है.
रिपोर्टों के अनुसार फ़लस्तीनी प्रशासन में फिर सत्ता संघर्ष चल रहा है और अधिकारी इसे सुलझाने में लगे हुए हैं.
सांसद इस बात पर नाराज़ हैं कि उन्हें नए मंत्रिमंडल को बनाने के समय उनकी राय नहीं ली गई.
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री क़ुरइ फ़लस्तीनी नेता अराफ़ात के सुरक्षा मुद्दों पर हस्तक्षेप करने की कोशिशों से नाराज़ हैं.
पहले ही प्रधानमंत्री क़ुरइ से पहले अबू माज़ेन इस पद से इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
रिपोर्टों के अनुसार संसद में अराफ़ात का राजनीतिक संगठन फ़ताह बहुमत में है और नए मंत्रिमंडल को आपातकालीन अधिकार देने के विरुद्ध है. |
|
|
 |
 |
इंटरनेट लिंक्स
 |
 |
फ़लस्तीनी प्रशासन |
बीबीसी अन्य वेब साइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है
 |
|