|
|
 |
शुक्रवार, 26 सितंबर, 2003 को 00:30 GMT तक के समाचार पश्चिमी तट और गज़ा सील
|

इसराइली सैनिकों ने टैंक से हमला किया
|
इसराइली सेना ने पश्चिमी तट और गज़ा को पूरी तरह सील कर दिया है.
अधिकारियों का कहना है कि ऐसा क़दम इस आशंका के तहत उठाया गया है कि यहूदी नव वर्ष में इसराइल में हमले हो सकते हैं.
 इसराइल ने चौकसी बरतनी शुरू कर दी है | इसराइली सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को नव वर्ष की छुट्टियाँ ख़त्म होने तक किसी भी फ़लस्तीनी को इसराइल में घुसने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
प्रवक्ता ने बताया कि सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद इन इलाक़ों को सील करने का फ़ैसला किया है.
उन्होंने कहा कि ख़ास स्थिति में इसमें ढील दी जा सकती है, लेकिन इसके लिए पहले इसराइली अधिकारियों से मंजूरी लेनी होगी.
वैसे इस फ़ैसले से पहले ही पिछले महीने यरूशलम में आत्मघाती हमले के बाद इसराइल में फ़लस्तीनियों के प्रवेश को सीमित कर दिया गया है.
उस समय से सिर्फ़ गज़ा से सिर्फ़ 20 हज़ार फ़लस्तीनी कामगारों और व्यापारियों को इसराइल में आने की अनुमति मिली है, जबकि पश्चिमी तट से सिर्फ़ नौ हज़ार फ़लस्तीनी ही इसराइल में आ पाए हैं.
हमला
दूसरी ओर गुरुवार को गज़ा और पश्चिमी तट पर इसराइली हमले में पाँच फ़लस्तीनी और एक इसराइली सैनिक की मौत हो गई.
चरमपंथी संगठनों ने इस हमले का बदला लेने की घोषणा की है.
गज़ा पट्टी में इसराइली सैनिकों ने बुरेज़ी शरणार्थी शिविर पर टैंकों से हमला किया.
हेलिकॉप्टरों ने भी उनकी मदद की. उसके बाद वहाँ घमासान लड़ाई छिड़ गई.
हमले में तीन फ़लस्तीनी मारे गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल हैं. एक इसराइली सैनिक भी संघर्ष में घायल हुआ, जिसकी बाद में मौत हो गई.
एक दूसरी घटना में इसराइली सैनिकों ने पश्चिमी तट के हेब्रॉन शहर में एक इमारत को घेर लिया.
यहाँ हुई गोलीबारी में दो फ़लस्तीनी मारे गए. |
|
|
|