|
|
 |
बुधवार, 10 सितंबर, 2003 को 23:22 GMT तक के समाचार ओसामा का नया वीडियो टेप
|

टेप में ओसामा को पहाड़ी इलाक़े में दिखाया गया है
|
अरबी टेलीविज़न चैनल अल जज़ीरा ने ओसामा बिन लादेन और उनके सहयोगी एमन अल ज़वाहिरी का एक नया वीडियो टेप प्रसारित किया है.
क़तर से चलने वाले चैनल का कहना है कि वीडियो टेप किसी अज्ञात पहाड़ी इलाक़े में इसी वर्ष अप्रैल या मई के महीने में बनाया गया है.
 ओसामा और ज़वाहिरी किसी अज्ञात पहाड़ी स्थान पर | इस वीडियो टेप में ओसामा या ज़वाहिरी को बोलते हुए तो नहीं दिखाया गया है लेकिन इसके साथ ही एक ऑडियो टेप भी जारी किया गया है.
इस टेप में सुनाई देनी वाली आवाज़ एमन अल ज़वाहिरी की बताई जा रही है.
यह वीडियो टेप ग्यारह सितंबर के हमलों की पूर्वसंध्या पर प्रसारित किया गया है, ग्यारह सितंबर 2001 के हमलों के लिए अमरीका ओसामा बिन लादेन के अल क़ायदा संगठन को ही ज़िम्मेदार ठहराता है.
टेप
अल जज़ीरा पर प्रसारित ऑडियो टेप के बारे में चैनल का कहना है कि ओसामा बिन लादेन ने इसमें ग्यारह सितंबर को हमला करने वालों की तारीफ़ की है.
जिस किसी को भी वफ़ादारी, हौसला और मज़हबपरस्ती सीखनी हो उसे सैद अल ग़मदी, मोहम्मद अता, ख़ालेद अल मिहदार, ज़ैद जर्राह, मरवान अल शेही और दूसरे शहीदों से सबक़ सीखना चाहिए | | ओसामा बिन लादेन | जबकि इसी टेप में एमन अल ज़वाहिरी ने इराक़ में छापामार लड़ाकों से कहा है कि वो अमरीकी सैनिकों को 'दफ़न' कर दें.
बीबीसी के संवाददाता फ्रैंक गार्डनर का कहना है कि ओसामा का यह टेप बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि काफ़ी समय से उनके ऑडियो टेप ही आते रहे हैं.
इस वीडियो टेप से इन अटकलों को बल मिलता है कि ओसामा जीवित और सक्रिय हैं, लेकिन अभी तक इस टेप की सच्चाई की पुष्टि नहीं हो सकी है.
लेकिन जानकारों का मानना है कि टेप को देखने से यह साफ़ पता चलता है कि यह अफ़ग़ानिस्तान या पाकिस्तान के किसी पहाड़ी इलाक़े में रिकॉर्ड किया गया है.
शक के दायरे में हैं अमरीकी मुसलमान
टेप में कहा गया है, "जिस किसी को भी वफ़ादारी, हौसला और मज़हबपरस्ती सीखनी हो उसे सैद अल ग़मदी, मोहम्मद अता, ख़ालेद अल मिहदार, ज़ैद जर्राह, मरवान अल शेही और दूसरे शहीदों से सबक़ सीखना चाहिए."
जिस व्यक्ति को एमन अल ज़वाहिरी बताया जा रहा है उसने कहा है कि "अमरीकियों को तबाह करने के लिए ख़ुदा में यक़ीन रखो, उन्हें उसी तरह चबा डालो जैसे शेर अपना शिकार चबाता है, उन्हें इराक़ी कब्रिस्तान में दफ़न कर दो."
इस टेप इसराइल के ख़िलाफ़ भी लड़ाई जारी रखने की अपील की गई है.
अमरीकी रुख़
इस वीडियो टेप के जारी होने से कुछ ही समय बाद अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा, "अल क़ायदा अब भी हमारे लोगों पर हमले करने की साज़िश रच रहा है."
बुश ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय आतंकवादियों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता, उन्हें तलाश करके ख़त्म किया जाएगा, उन्हें पता चलना चाहिए कि उनकी हार तय है."
अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा, "हम उन्हें हमेशा भागते रहने पर मजबूर कर रहे हैं, अल क़ायदा के दो तिहाई नेता मारे जा चुके हैं या पकड़े गए हैं, उनका बड़ा धन भी ज़ब्त हो चुका है." |
|
|
|