|
|
 |
शनिवार, 07 जून, 2003 को 03:30 GMT तक के समाचार विमान इमारत से टकराया
|

तीन मंज़िला इमारत में दुर्घटना के बाद आग लग गई
|
अमरीका के लॉस एंजिल्स में एक छोटे विमान के रिहायशी इलाक़े में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से विमान के पायलट सहित दो लोग मारे गए हैं.
लॉस एंजिल्स के फेयरफैक्स ज़िले में उस समय भगदड़ मच गई, जब एक छोटा विमान एक तीन मंज़िला इमारत से टकरा गया.
टक्कर के बाद इमारत में आग लग गई.
संघीय उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता ने बताया कि बीच बोनैंज़ा नाम के इस एक इंजन वाले विमान ने सांतो मोनिका हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी.
लेकिन 10 मिनट बाद ही वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
अफ़रा-तफ़री
विमान के तीन मंज़िला इमारत से टकराते ही आग लग गई. इमारत के पार्किंग में रखी कारों से पेट्रोल रिसने के कारण आग और तेज़ हो गई.
माना जा रहा है कि इस इमारत में 14 फ़्लैट थे, जिनमें हादसे के बाद आग लग गई.
कई लोग घबराहट में अपने फ़्लैट से कूद पड़े. कोई अपना सामान लेकर भाग रहा था, तो किसी को अपने पालतू जानवरों की फिक्र थी.
हर ओर अफ़रा-तफ़री का माहौल था.
लॉस एंजिल्स के अग्निशमन विभाग के प्रमुख मारियो रुवेडा ने बताया कि दो लोगों के शव मिल गए हैं, जबकि सात लोगों को अस्पताल पहुँचाया गया है.
म़ौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ऐसा लग रहा था कि पायलट ने विमान पर से नियंत्रण खो दिया है. लेकिन अभी तक दुर्घटना का कारण नहीं पता चल पाया है. |
|
|
|