|
|
 |
शनिवार, 07 जून, 2003 को 08:41 GMT तक के समाचार पोलैंड में जनमत संग्रह
|

यूरोपीय संघ में शामिल होने के लिए पोलैंड में अभियान
|
पोलैंड में इस बात के लिए जनमत संग्रह हो रहा है कि वह यूरोपीय संघ में शामिल हो या नहीं.
शनिवार को हुए सर्वेक्षण में ज़्यादा लोगों ने हिस्सा नहीं लिया और इस लिए इसे रविवार को भी जारी रखा गया है.
यूरोपीय संघ के विस्तार का ये सबसे बड़ा परीक्षण माना जा रहा है.
पोलैंड में हुए सर्वेक्षण के अनुसार पोलैंड के अधिकतर लोग यूरोपीय संघ की सदस्यता का समर्थन कर रहे हैं.
लेकिन इस जनमत संग्रह में कितने लोग हिस्सा लेते हैं, ये बात खासी अहम है.
यदि आधे से कम लोग जनमत संग्रह में हिस्सा लेते हैं तो जनमत संग्रह वैध नहीं होगा और पोलैंड की संसद को इस बारे में फैसला लेना होगा.
पोलैंड में अन्य मुद्दों पर पहले भी जनमत संग्रह हुए हैं जिनमें आधे से कम लोगों ने हिस्सा लिया था.
हंगरी में 12 अप्रेल को जनमत संगह हुआ था जिसमें 45.6 प्रतिशत लोगों ने हिस्सा लिया था.
विस्तार
यूरोपीय संघ के सबसे बड़े विस्तार के तहत अगले साल मई में 10 नए देशों को शामिल किए जाने की योजना है जिनमें पोलैंड सबसे बड़ा देश है.
पोलैंड के अलावा इसमें आठ पूर्वी यूरोप के देश शामिल हैं.
लेकिन पोलैंड में यूरोपीय संघ में शामिल होने को लेकर भारी बहस चल रही है.
पोप जॉन पॉल द्वितीय ने भी पोलैंड के यूरोपीय संघ में शामिल होने के पक्ष में बयान दिया है.
लेकिन इसमें शामिल होने के विरोधियों का कहना है कि उन्हें इस बात की आशंका है कि पोलैंड पड़ोसी देश जर्मनी के लिए एक सस्ता बाज़ार बनकर रह जाएगा.
पाँच अन्य देशों को वहाँ के लोगों ने यूरोपीय संघ में शामिल होने के लिए अनुमति दे दी है.
लेकिन साइप्रस इसके लिए जनमत संग्रह नहीं करवा रहा है. |
|
|
|