|
|
 |
शुक्रवार, 06 जून, 2003 को 11:50 GMT तक के समाचार हमास शांति वार्ताओं से हटा
|

चरमपंथी संगठन हमास ने बातचीत से इनकार किया
|
फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास इसराइल पर हमले रोकने के संबंध में बातचीत से पीछे हट गया है.
फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री महमूद अब्बास के साथ चल रही इस बातचीत को अमरीकी रोडमैप लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा था.
हमास के पास इसराइल से संघर्ष के अलावा और कोई रास्ता नहीं रह गया है | | अब्दुल अज़ीज़,हमास के प्रवक्ता | हमास के एक प्रवक्ता अब्दुल अज़ीज़ अल रंतीसी ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि संगठन को फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री के हिंसा बंद कराने के उस आश्वासन पर आपत्ति है जो राष्ट्रपति बुश को दिया गया था.
उनका कहना है कि इससे इसराइल को फ़लस्तीनियों को बेरोकटोक मारने की छूट मिल जाएगी.
उनका ये बयान गुरुवार रात में इसराइल के साथ संघर्ष के दौरान हमास के दो सदस्यों के मारे जाने के बाद आया है.
हमास के प्रवक्ता का कहना है कि उनके संगठन के पास इसराइल से संघर्ष के अलावा और कोई रास्ता नहीं रह गया है.
हमास एक स्वतंत्र फ़लस्तीनी राष्ट्र के लिए सशस्त्र संघर्ष करने वाले गुटों में सबसे प्रमुख है.
आश्वासन
राष्ट्रपति बुश और इसराइली प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन के साथ इस सप्ताह हुए शिखर सम्मेलन के बाद प्रधामंत्री अब्बास ने हिंसा रोकने का आश्वासन दिया था.
उसके बाद उन्होंने हमास और अन्य फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठनों से अपील की थी कि वे अपनी हिंसक कार्रवाई बंद करें.
मध्यपूर्व के 'रोड मैप' के अनुसार वहाँ शांति स्थापित करने के लिए फ़लस्तीनी प्रशासन यह करने के लिए प्रतिबद्ध है.
लेकिन सबसे प्रमुख फ़लस्तीनी गुट हमास ने इस शांति प्रक्रिया में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है.
हमास के नेताओं का कहना है कि फ़लस्तीनियों को अपनी लड़ाई जारी रखनी होगी वर्ना वे अपनी भूमि खो देंगे.
उन्होंने यह कहते हुए शिखर वार्ता को ख़ारिज कर दिया कि इससे फ़ायदा केवल इसराइली प्रधानमंत्री को ही होगा.
प्रेक्षकों का कहना है कि हमास की इस घोषणा के बाद फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री का काम और मुश्किल हो गया है. |
|
|
|