|
|
 |
सोमवार, 28 अप्रैल, 2003 को 15:50 GMT तक के समाचार शौचालय में मिला खज़ाना
|

वॉन गॉग की 1878 में बनाई गई यह पेंटिंग चोरी हो गई थी.
|
ब्रिटेन के एक संग्रहालय से चोरी हो गई विश्व प्रसिद्ध चित्रकारों वॉन गॉग, पिकासो और गॉग्याँ की तीन पेंटिंग्स एक सार्वजनिक शौचालय के पीछे पड़ी पाई गईं हैं.
इनका कुल मूल्य कोई 40 लाख पाउंड यानी लगभग 30 करोड़ रूपये है.
ये पेंटिंग्स मेनचेस्टर के व्हाइटवर्थ आर्ट गैलरी से रविवार को चोरी की गई थीं.
गैलरी से कोई दो सौ मीटर दूरी पर एक सार्वजनिक शौचालय के पीछे ये पेंटिंग्स एक ट्यूब में पाई गईं.
इनमें वॉन गॉग का वह चित्र था जिसमें उन्होंने पेरिस के किलेबंदी के चित्र बनाए थे.
पिकासो के इस चित्र में ग़रीबी दिखाई गई थी और गॉग्याँ के चित्र में एक प्राकृतिक दृश्य का चित्रण किया गया है.
 इसी शौचालय के पीछे मिली पेंटिंग्स | हालांकि आशंका जताई गई है कि हो सकता है कि पेंटिंग्स को कुछ नुकसान हुआ हो क्योंकि उन्हें बारिश में बरामद किया गया है.
पुलिस का कहना है कि स्थानीय समय के अनुसार दोपहर दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पेंटिंग्स बरामद की गईं.
पेंटिंग्स शनिवार की रात नौ बजे के बाद ग़ायब हुई थीं और पुलिस इसे पूर्व नियोजित चोरी मान रही है.
नोट
इस चोरी के बाद से इस सरकारी संग्रहालय को बंद कर दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि पेंटिंग्स के साथ एक नोट भी बरामद हुआ है.
पुलिस का कहना है कि इस नोट में पेंटिंग्स चुराने वाले लोगों ने कहा है कि उनका उद्देश्य सिर्फ़ यह ज़ाहिर करना था कि कलाकृतियों की सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है.
उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षों में कलाकृतियों की चोरियों की घटनाएँ बढ़ी हैं.
हर साल कोई तीस से चालीस करोड़ पाउंड्स की कलाकृतियाँ चोरी हो रही हैं. |
|
|
|