|
|
 |
मंगलवार, 15 अप्रैल, 2003 को 19:32 GMT तक के समाचार 'सांस्कृतिक धरोहर ख़तरे में'
|

राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम से भी मिले आगा ख़ान
|
शिया इस्माइली मुसलमानों के धार्मिक नेता आगा ख़ान ने कहा है कि इराक़ और अफ़गानिस्तान की लड़ाइयों ने इस्लामी दुनिया की ज़्यादातर सांस्कृतिक धरोहर को ख़तरे में डाल दिया है.
उन्होंने कहा कि युद्धों की वजह से प्राचीन सभ्यता के नेस्तनाबूद होने से लोग अपने ही इतिहास से महरूम हो जाएंगे.
भारत की छह दिन की आधिकारिक यात्रा पर पहुँचे धार्मिक नेता ने मुग़ल शासक हुमायूँ के मक़बरे की स्थिति ठीक करने के लिए साढ़े छह लाख डॉलर की योजना की शुरुआत भी मंगलवार को की.
उन्होंने चेतावनी भी दी कि इस तरह तो दुनिया भर की सांस्कृतिक धरोहर ख़तरे में पड़ जाएगी. अरबपति धार्मिक नेता ने कहा कि दुनिया भर की सभ्यताओं में सहिष्णुता होनी चाहिए.
आपसी समझ ज़रूरी
शिया नेता ने कहा कि इससे पहले आपसी समझ की शायद इतनी ज़रूरत महसूस नहीं हुई होगी और निश्चित रूप से ये दुनिया में एक ऐतिहासिक समय है.
 हुमायूँ के मक़बरे का पुनरुद्धार हो रहा है | उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक धरोहरों के ध्वस्त होने का मतलब सिर्फ़ यादों से महरूम होने से कुछ ज़्यादा है.आगा ख़ान का कहना था कि पहले अफ़ग़ानिस्तान और अब इराक़ में ऐसा ही हुआ है.
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर तो ये पूरी सभ्यता ही ख़तरे में है.
इराक़ में सद्दाम हुसैन की सत्ता हटने के बाद से वहाँ फ़ैली अव्यवस्था के दौरान लूटपाट करने वालों ने इराक़ के राष्ट्रीय संग्रहालय और राष्ट्रीय पुस्तकालय को भी नहीं छोड़ा.
शिया नेता ने भारत के वित्त मंत्री जसवंत सिंह से भी मुलाक़ात की.
हुमायूँ का मक़बरा
आगा ख़ान जिस मक़बरे के पुनरुद्धार की परियोजना शुरू करने आए थे वह दिल्ली में एक ख़ूबसूरत बाग़ के बीच में स्थित है और ये जगह विश्व धरोहर की सूची में भी शामिल है.
पहली बार भारत के पुरातत्व विभाग और आगा ख़ान कल्चरल ट्रस्ट ने साझा प्रयास के ज़रिए एक विश्व धरोहर का पुनरुद्धार किया है.
इस परियोजना के पीछे मुख्य भूमिका निभा रहे रतिश नंदा का इस बारे में कहना है,"यहाँ का बाग़ भारत का पहला संरक्षित बाग़ है जिसे वैसा ही बनाया गया है जैसा वह चार सौ साल पहले था. सारे पेड़ पौधे भी वही लगाए गए हैं जो मुग़ल बाग़ो की ख़ासियत है."
तीस एकड़ में फ़ैला यहाँ का बाग़ एक बार फिर पुरानी शानोशौक़त का मज़ा उठा रहा है. |
|
|
|