|
|
 |
शुक्रवार, 21 मार्च, 2003 को 17:29 GMT तक के समाचार अब तो पाकिस्तान भी साथ है
|

भारतीय टीम पूरे जोश में है
|
भारत खेले और पाकिस्तान ताली बजाए, ऐसा कम ही होता है. लेकिन इस वर्ल्ड कप में ऐसा हो रहा है.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मन में भारत से हारने की कड़वाहट ज़रूर होगी लेकिन उसे भुलाकर पाकिस्तान के नए कप्तान राशिद लतीफ़ ने कहा है कि कप पर अब भारत का हक़ बनता है.
कराची में एक समाचार एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा,"सबका कहना है कि ऑस्ट्रेलिया कप जीतेगा. वो अच्छा ज़रूर खेल रहे हैं लेकिन जैसा खेल भारत खेल रहा है कप पर हक़ उन्हीं का बनता है.''
 राशिद लतीफ़ | लतीफ़ का कहना है कि केवल पांच हफ़्तें पहले भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से सेंचुरियन में बुरी तरह हारी थी लेकिन उसके बाद उन्होंने जिस तरह से अपने खेल को सुधारा है वो तारीफ़ के क़ाबिल है.
लतीफ़ कहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार के बाद भारतीय समर्थकों ने जिस तरह खिलाड़ियों के पुतले जलाए और अपना ग़ुस्सा दिखाया उससे टीम को उबारकर फ़ाइनल तक पहुंचाना एक बड़ा काम था और सौरभ गांगुली और कोच जॉन राइट ने वो काम जिस तरह से किया है उससे साफ़ है कि इस टीम को कम नहीं आंका जा सकता.
उनका कहना है,"ये बहुत ज़बरदस्त मैच होने जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया विश्व चैंपियन भले ही हो लेकिन भारत इस समय बहुत अच्छा और संतुलित क्रिकेट खेल रहा है.''
साथ ही वो कहते हैं," सचिन तेंदुलकर भी ज़बरदस्त फ़ार्म में हैं और सही पूछें तो ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ों से कहीं आगे हैं.''
34-वर्षीय राशिद लतीफ़ को वकार यूनूस की जगह कप्तान नियुक्त किया गया है. वकार को विश्व कप में पाकिस्तानी टीम के बहुत ख़राब प्रदर्शन के कारण हटाया गया.
वो कहते हैं सचिन तेंदुलकर इस मुक़ाबले के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बनने की राह पर हैं और ये उन्हीं का कमाल है कि भारत आज इस स्थिति में है. |
|
|
|