|
|
 |
रविवार, 29 सितंबर, 2002 को 17:48 GMT तक के समाचार 'बहस से ग़रीबी नहीं हटेगी'
|

जेम्स वुल्फ़ेंसन ठोस कार्रवाई पर ज़ोर दे रहे हैं
|
विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अधिकारियों ने अपनी सालाना बैठक में निर्धनता हटाने के लिए नीतियों और कार्यक्रमों पर बहस के बजाय ठोस कार्रवाई किए जाने पर ज़ोर दिया है.
विश्व बैंक के अध्यक्ष जेम्स वुल्फ़ेंसन ने कहा, "हमें अब बातों से आगे निकलते हुए अपने कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के लिए लक्ष्य निर्धारित करने होंगे."
वुल्फ़ेंसन वाशिंग्टन में विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष की सालाना बैठक में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि विश्व की दोनों प्रमुख वित्तीय संस्थाओं ने अपनी योजनाओं का परिणाम हासिल करने के लिए वर्ष 2015 की समय सीमा निर्धारित की है.
मुद्रा कोष, विश्व बैंक और अन्य अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाएँ संयुक्त राष्ट्र सहस्राब्दी विकास लक्ष्यों को हासिल करना चाहती हैं.
सहस्राब्दी के मुख्य लक्ष्यों में निर्धनता में 15 प्रतिशत की कमी, हर बच्चे के लिए प्राथमिक शिक्षा सुविधा और शिशु मृत्यु दर में कमी शामिल हैं.
आर्थिक स्वास्थ्य
बैठक में ग़रीब देशों की मदद के मुद्दे के अलावा विश्व अर्थव्यवस्था की हालत पर भी विस्तार से चर्चा होगी.
मुद्रा कोष के प्रबंध निदेशक हर्स्ट कोलर ने कहा कि तात्कालिक ज़रूरत विश्व अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने की है.
उन्होंने कहा, "ये तो साफ है कि कई तरह की चुनौतियाँ और अनिश्चितताएँ हैं."
मुद्रा कोष को इस आलोचना के बाद सुधार कार्यक्रम बनाने पड़े थे कि उसकी नीतियों ने कुछ विकासशील देशों में ग़रीबी और बढ़ी है.
इस बैठक के विरोधियों ने शनिवार को एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया था जो शांतिपूर्ण रहा. |
|
|
|