|
|
 |
रविवार, 21 अप्रैल, 2002 को 01:46 GMT तक के समाचार प्रख्यात इतिहासकार का निधन
|

|
भारत के जाने माने इतिहासकार और जीवनी-लेखक डॉक्टर सर्वपल्ली गोपाल का 78 वर्ष की आयु में गुर्दे की बीमारी से चेन्नई में निधन हो गया है.
डॉक्टर गोपाल दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के पुत्र थे.
वह एक प्रमुख जीवनी-लेखक के तौर पर भी जाने जाते हैं और उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जीवनी लिखी जो तीन खंडों में प्रकाशित हुई.
उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रपति के आर नारायणन ने उन लोगों की आलोचना की जो इतिहास के पुनर्लेखन का प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, एक ऐसे समय मे जब इतिहास का सही चित्रण विवादों से घिरा रहता है, प्रोफ़ेसर गोपाल जैसे स्तर के इतिहासविदों द्वारा क़ायम की गई परंपरा का पूरी तरह पालन करना ज़रूरी है ताकि भावी पीढ़ियाँ पूर्वाग्रह से मुक्त रह सकें.
डॉक्टर गोपाल देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण की उपाधि से सम्मानित थे.
वह सेंट ऐंथनी कॉलेज, ऑक्सफ़र्ड से संबंद्ध रहे.
उन्होंने दिल्ली के जवाहर लाल विश्वविद्यालय में भी अध्यापन कार्य किया.
रविवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा. |
|
|
|