|
|
 |
गुरुवार, 14 फरवरी, 2002 को 09:19 GMT तक के समाचार मोबाइल फ़ोन पर फ़िल्म
|

जापान में बिक रहे हैं तीसरी पीढ़ी के मोबाइल फ़ोन
|
वो दिन दूर नहीं जब मोबाइल फ़ोन के ज़रिए फ़िल्म की क्लिप भेजी जा सकेंगी.
तीन बड़ी कंपनियां मोबाइल और वायरलेस उपकरणों के ज़रिए मल्टीमीडिया सामग्री भेजने के तरीकों पर काम कर रही हैं.
एप्पल कंप्यूटर्स और सन माइक्रोसिस्टम्स इस परियोजना के लिए सॉफ़्टवेयर उपलब्ध कराएंगी, जबकि नेटवर्क का काम एरिक्सन के जिम्मे होगा.
प्रस्तावित नेटवर्क के ज़रिए भेजी जा सकने वाली वीडियो क्लिप तैयार करने में एप्पल के क़्विक टाइम स्ट्रीमिंग सॉफ़्टवेयर का उपयोग होगा.
तीन कंपनियों की संयुक्त परियोजना के बारे में एप्पल के फिलिप शिलर ने कहा कि नई तकनीक समाचार सेवाओं के लिए आदर्श होंगी.
उन्होंने कहा नई परियोजना उपभोक्ताओं को नई प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराने के साथ-साथ कंपनियों के लिए नया व्यवसाय भी उपलब्ध करा सकेगी.
हालांकि प्रस्तावित प्रौद्योगिकी के आम लोगों के पहुंच से बाहर रहने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
लोकप्रिय
मोबाइल उपकरणों पर वीडियो उपलब्ध कराने की एक अन्य परियोजना पर माइक्रोसॉफ़्ट कंपनी अकेले काम कर रही है.
लेकिन इंटरनेशनल डाटा कॉरपोरेशन के सुसान केवोरकियन सवाल करते हैं, "क्या नई सेवा उपभोक्ताओं की पहुंच के भीतर होगी ?"
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सेवा कितनी आकर्षक होगी, इस बारे में भी अभी से कुछ नहीं कहा जा सकता.
हालांकि जापान में तीसरी पीढ़ी की मोबाइल सेवा पहले ही शुरू की जा चुकी है.
वहां एनटीटी द्वारा शुरू की गई सेवा ख़ास कर इसलिए लोकप्रिय हुई है कि इसमें उपभोक्ताओं को रंगीन स्क्रीन, स्टीरियो आवाज़ तथा ऑडियो और वीडियो क्लिप देखने की सुविधा से युक्त मोबाइल फ़ोन पहली बार मिला है.
इसके ज़रिये ई-मेल का आदान-प्रदान भी आसानी से किया जा सकता है.
वायरलेस एडवर्टाइजिंग एसोसिएशन के साइरिएक रोडिंग के अनुसार प्रस्तावित मोबाइल प्रौद्योगिकी टेलीविज़न की लोकप्रियता को पीछ छोड़ सकती है. |
|
|
|