|
|
 |
मंगलवार, 12 फरवरी, 2002 को 07:38 GMT तक के समाचार हीथ्रो हवाई अड्डे पर लाखों डॉलर चोरी
|

हीथ्रो हवाई अड्डे से 60 लाख डॉलर चोरी
|
लंदन के प्रमुख हीथ्रो हवाई अड्डे पर "ब्रिटिश एयरवेज़" के एक सुरक्षा वाहन पर धावा बोलकर साठ लाख डॉलर से भी अधिक की रकम चोरी कर ली गई है.
पुलिस अब उन व्यक्तियों की तलाश कर रही है जो टर्मिनल चार के पास एक वैन में छिपे हुए थे और बाद में "ब्रिटिश एयरवेज़" के एक अन्य सुरक्षा वाहन में बैठ कर फ़रार हो गए.
 डॉलरों से भरे ऐसे 8 डिब्बे चोरी हो गए | बताया जा रहा है कि ये रकम बहरीन से एक विमान में हीथ्रो हवाई अड्डे पर लाई गई थी और इसे न्यूयॉर्क के जेएफ़के हवाई अड्डे ले जाया जा रहा था.
साठ लाख डॉलर की ये चोरी कड़ी सुरक्षा वाले इलाक़े में सोमवार शाम हुई.
माना जा रहा है कि पैसा चुराने वालों के पास सुरक्षा जाँच के पहचान पत्र थे.
इन लोगों ने "ब्रिटिश एयरवेज़" के सुरक्षा वाहन के ड्राइवर को खींच कर गाड़ी से बाहर निकाला और उसे ज़मीन पर औंधा कर उसके हाथ बाँध दिए.
उसके बाद उन्होंने डॉलरों से भरे आठ लाल डिब्बों को "ब्रिटिश एयरवेज़" के एक अन्य सुरक्षा वाहन में रखा और फिर फ़रार हो गए.
इस पूरी घटना में मुश्किल से कुछ मिनट ही लगे और चोर हीथ्रो के सबसे कड़ी सुरक्षा वाले इलाक़े से निकल गए.
यह वाहन बाद में क़रीब दो मील की दूरी पर जली हुई हालत में मिला.
एक स्थानीय निवासी मार्जरी बेकन ने इस वाहन में विस्फोट होते हुए देखा.
उन्होंने कहा "मैंने विस्फोट होते हुए देखा. मुझे लगा कि किसी पड़ोसी की कार में विस्फोट हुआ है."
सोने की चोरी
पुलिस का कहना है कि वाहन में न तो रकम का और न ही चोरों का कोई निशान मिला. एक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इस चोरी में हथियार का प्रयोग नहीं हुआ.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जॉन कोल्स ने कहा कि "ये एक बहुत गंभीर घटना है और इसीलिए "स्पेशलिस्ट ऑपरेशन्स फ़्लाइंग स्क्वाड" इसकी छानबीन कर रहा है. "
सुरक्षा वाहन के ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उस पर कम से कम दो लोगों ने हमला किया था. पुलिस ने अभी तक ये नहीं बताया है कि ये चोर कड़ी सुरक्षा वाले इलाक़े में कैसे घुस गए और किस दिशा में भागे.
"ब्रिटिश एयरवेज़" का सुरक्षा वाहन असली था और इसके चोरी होने की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई.
इससे पहले 1983 में हीथ्रो हवाई अड्डे से 2 करोड़ 60 लाख पाउंड की चोरी हुई थी जो ब्रिटेन के इतिहास में सबसे बड़ी चोरी है.
तब चोरों ने कड़ी सुरक्षा वाले गोदाम से सोना चुरा लिया था. बाद में चोरों को पकड़ लिया गया था लेकिन ज़्यादातर सोना बरामद नहीं हो सका था. |
|
|
|