|
|
 |
रविवार, 09 दिसंबर, 2001 को 00:03 GMT तक के समाचार नोबेल शताब्दी
|

एक उत्कृष्ट सम्मान के सौ साल
|
अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के जरिए पूरी दुनिया का कल्याण करनेवालों को सम्मानित करनेवाले नोबेल पुरस्कार सौ साल के हो गए हैं.
स्वीडन के वैज्ञानिक अल्फ़्रेड नोबेल की वसीयत में लिखी उनकी इच्छा पूरी करने के लिए सन 1901 में इन पुरस्कारों की शुरूआत हुई थी.
अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी पूरी ज़िंदगी में कुल 355 आविष्कार किए थे. लेकिन सबसे ज़्यादा नाम और पैसा उन्होंने कमाया 1867 में डायनामाइट के आविष्कार से.
दिसंबर 1896 में जब उनकी मौत हुई वो यूरोप के सबसे अमीर लोगों में से एक थे.
और जनवरी 1897 में जब उनकी वसीयत सामने आई तो पता चला कि उन्होंने अपनी संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा एक ट्रस्ट बनाने के लिए अलग कर दिया है.
उनकी इच्छा थी कि इस पैसे के ब्याज से हर साल उन लोगों को सम्मानित किया जाए जिनका काम मानवजाति के लिए सबसे कल्याणकारी पाया जाए.
ये पुरस्कार हर साल शांति, साहित्य, भौतिकी, रसायन, चिकित्सा विज्ञान और अर्थशास्त्र में सर्वोत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं.
29 जून 1900 को नोबेल फ़ाउंडेशन की स्थापना हुई और 1901 में पहला नोबेल शांति पुरस्कार रेड क्रॉस के संस्थापक ज्यां हैरी दुनांत और फ़्रेंच पीस सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष फ्रेडरिक पैसी को संयुक्त रूप से दिया गया.
इस शनिवार को भारतीय मूल के लेखक विद्या सूरजप्रसाद नायपॉल ने साहित्य के लिए इस साल का नोबेल पुरस्कार ग्रहण किया और सोमवार को संयुक्त राष्ट्र संघ और इसके महासचिव कोफ़ी अन्नान को इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार सौंपा जाएगा. |
|
|
|