BBC Hindi

नवाज़ के चुनाव लड़ने का प्रतिबंध हटा

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने विपक्षी नेता नवाज़ शरीफ़ को विमान अपहरण के आरोप से बरी कर दिया है.

इसके साथ ही उन पर सरकारी पद संभालने को लेकर प्रतिबंध हट गया है.

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने कहा है कि नवाज़ शरीफ़ को बरी किए जाने से लोकतंत्र मजबूत होगा और इससे सभी को समान राजनीतिक अधिकार हासिल होंगे.

ग़ौरतलब है कि वर्ष 1999 में तत्कालीन सेनाध्यक्ष परवेज़ मुशर्रफ़ के विमान का अपहरण कराने के आरोप में सिंध हाईकोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराया था.

सुप्रीम कोर्ट ने भी नवाज़ शरीफ़ के निर्वाचित पद पर बैठने से रोक लगाने का फ़ैसला बरक़रार रखा था.

इस फ़ैसले के आधार पर उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई थी.

नवाज़ शरीफ़ कहते आए हैं कि उनके ख़िलाफ़ आरोप राजनीति से प्रेरित हैं.

ग़ौरतलब है कि इसी 'कथित विमान अपहरण की साज़िश' के बाद के घटनाक्रम में नवाज़ शरीफ़ का तख़्तापलट हुआ था.