BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
15 नवंबर, 2007 - Published 11:54 GMT
 
मित्र को भेजें   कहानी छापें
डिक्शनरी से 16000 हाइफ़न ग़ायब
 

 
 
डिक्शनरी
नए संस्करण में से 16000 शब्दों के बीच से हाइफ़न को हटा दिया गया है
हमारे संवाददाता राजेश प्रियदर्शी ने अपने एक लेख में लिखा था, ‘मुझे लगता है कि प्राथमिक स्तर पर पूरे देश में अँगरेज़ी शिक्षा को अनिवार्य कर देने का समय आ गया है, इसके बिना देश की बहुसंख्यक वंचित आबादी के साथ कोई सामाजिक-आर्थिक न्याय नहीं हो सकता'.

समय के साथ ही चलने में समझदारी है और यह कथन सिर्फ़ हम पर नहीं बल्कि सारी दुनिया पर लागू होता है.

हाल ही में अंग्रेज़ी की बहुचर्चित ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी का छठा संस्करण प्रकाशित हुआ है जो अंग्रेज़ी में आने वाले बदलाव का बहुत बड़ा सूचक है. इस संस्करण में से 16000 शब्दों के बीच से हाइफ़न को हटा दिया गया है जिसके कारण अंग्रेज़ी दुनिया में भाषा में आने वाले बदलाव को लेकर एक गर्मागरम बहस छिड़ गई है.

आज की बैठक में हम बात करेंगे ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी की और हाइफ़न की. हम यह भी देखेंगे कि हाइफ़न क्या होता है और ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी की शुरूआत की 150वी वर्षगांठ पर क्या नया हुआ है.

बात हाइफ़न (-) की

हाइफ़न या समास या समास चिह्न या योजिका चिह्न का अंग्रेज़ी पढ़ने और समझने में सहायता के लिए इस्तेमाल होता है. यह काला, चिपटा और छोटा निशान प्रकाशन की दुनिया में अपना अनुठा स्थान रखता है और दो शब्दों के बीच या अक्षर-अक्षर उच्चारण के लिए एक ही शब्द के बीच में प्रयोग किया जाता है ताकि संभ्रांति पैदा न हो.

मिसाल के तौर पर अगर हम कहें American football player (अमरीकन फ़ूटबॉल प्लेयर) तो इसमें अमरीकन फ़ूटबॉल के लिए आया है या प्लेयर के लिए, यहां एक प्रकार की भ्रांति पैदा हो जाती है और अगर हम इसे American-football player लिखें तो बात साफ़ हो जाती है, इसका मतलब यह हुआ कि यह चिह्न समझने में आसानी के लिए प्रयोग होता रहा है.

डिक्शनरी
हर वर्ष ऑक्सफ़ोर्ड के चार संस्करण निकलते हैं

इसका प्रयोग दो से अधिक शब्दों के बीच में भी होता है जैसे आइस-क्रीम-फ़्लेवर्ड कैन्डी (ice-cream-flavoured candy). हाइफ़न संज्ञा-संज्ञा के बीच या विशेषण-क्रिया विशेषण के बीच आम तौर पर वहां इस्तेमाल नहीं होता जहां किसी प्रकार के भ्रम पैदा होने की गुंजाईश नहीं हो जैसे government standards organization या department store manager.

हाइफ़न आम तौर पर विशेषण और संज्ञा के बीच भी प्रयोग किया जाता है जैसे left-handed catch या real-world experience. किसी संख्या के नाम के बीच में भी इसका प्रयोग होता है जैसे 23 को हम इस प्रकार लिखेंगे twenty-three और 123 के इस प्रकार लिखेंगे one hundred and twenty-three.

हाइफ़न का प्रयोग प्रिफ़िक्स (उपसर्ग) co-, pre-, mid-, de-, non-, anti- वग़ैरह में भी होता रहा है जैसे को-वर्कर, प्रि-स्कूल वग़ैरह. आप इस प्रकार के दस शब्द लिखकर इसका अभ्यास कर सकते हैं.

एक ही प्रकार के कुछ शब्दों के अंतर को साफ़ करने के लिए भी हाइफ़न का प्रयोग होता है जैसे recreation (fun or sport) यानी व्यायाम और re-creation (in forensics) यानी पुनर्सृष्टि या पुनर्निर्माण, या predate (what a predator does)यानी परभक्षी लुटेरा और pre-date (to be of an earlier calendar date)यानि पूर्व दिनांकित करना या पिछली तारीख़ डालना.

किताबों की पंक्ति के अंत में अगर शब्द पूरा नहीं लिखा जा सका हो तो आधा शब्द लिखकर हाइफ़न लगा देते हैं जिससे यह पता चलता है कि शब्द जारी है.

हाइफ़न का पहली बार प्रयोग करने का श्रेय जर्मनी के मेंज़ शहर के जौहैनेस गुनतेनबर्ग को जाता है जिन्होंने 1455 इ. के आस पास 42-पंक्तियों वाली बाईबल प्रकाशित की थी. छपाई के फ़रमे में शब्दों को एक सीध में सजाने की समस्या का निदान उन्होंने हाइफ़न के ज़रिए किया था.

डिक्शनरी में शब्दों के उच्चारण को बताने के लिए अक्षरों के बीच में इसका प्रयोग होता रहा है (अमरीकी अंग्रेज़ी शब्द-कोश में बिंदु के ज़रिए भी इसे ज़ाहिर किया जाता है) जैसे syl-lab-i-fi-ca-tion.

ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी

 हाइफ़न को पहली बार प्रयोग करने का श्रेय जर्मनी के मेंज़ शहर के जौहैनेस गुनतेनबर्ग को जाता है जिन्होंने 1455 इ. के आस पास 42-पंक्तियों वाली बाईबल प्रकाशित की थी. छपाई के फ़रमे में शब्दों को एक सीध में सजाने की समस्या का निदान उन्होंने हाइफ़न के ज़रिए किया था
 

अंग्रेज़ी दुनिया में ऑक्सफ़ोर्ड अंग्रेज़ी डिक्शनरी (OED) को अंग्रेज़ी के सही अर्थ, प्रयोग और उच्चारण के लिए आम तौर पर सर्वोत्कृष्ट लिखित प्रमाण माना जाता है. इसका बड़ा कारण है पांच लाख से भी अधिक शब्दों के ख़ज़ाने में लगातार छान पटक करते रहना.

इसके संपादक हर वर्ष चार बार इस का निरीक्षण करते हैं और हर बार तक़रीबन 1000 शब्दों में नए आयाम, कमी बेशी और संशोधन पेश करते हैं.

ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी के पहले प्रकाशन में 70 वर्ष लगे थे और इसके लिए 415000 परिभाषाओं को खंगाला गया. 1879 में जब मरे के नेतृत्व में यह काम शुरू किया गया तो पांच साल की अनथक मेहनत के बाद देखा गया कि काम अभी 'ए' में 'ऐन्ट' तक ही पहुंच सका था.

इस तरह तो यह काम कभी पूरा नहीं हो पाता अगर 1857 में शुरु किए गए एक रीडिंग प्रोग्राम को इस में शामिल नहीं किया गया होता जिसमें प्रत्येक शब्द के सही अर्थ और प्रयोग के लिए प्रमाणित उद्धरण जमा किए जा रहे थे. मरे ने अंग्रेज़ी भाषी लोगों से आम अपील की कि इसमें सहयोग दें. हज़ारों लोगों की मेहनत और सहयोग का नतीजा था कि 1928 में यह पहली बार 10 खंडों में प्रकाशित हो सकी जिसका नाम था 'ए न्यू इंग्लिश डिक्शनरी ऑन हिस्टोरिकल प्रिंस्पुल्ज़'.

1933 में इसे 12 खण्डों में प्रकाशित किया गया और इसका नाम ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी रखा गया. 1957 तक इसे निपुण शब्दकोश माना जाता रहा जब तक कि एक व्यक्ति रॉबर्ट बर्चफ़ील्ड को इसके संशोघन के लिए नहीं नियुक्त किया गया. इस दूसरे संस्करण में उत्तरी अमरीका, ऑस्ट्रैलिया, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ़्रीका, दक्षिण एशिया और कैरिबियन क्षेत्रों की अंग्रेज़ी को भी ध्यान में रखा गया.

एक अनूठा सहयोगी

ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में सहयोग देने वाले लोगों की संख्या हज़ारों में होगी लेकिन येल यूनिवर्सिटी के अमरीकी गृह-युद्ध के एक सर्जन डॉ. विलियम चेस्टर माइनर के नाम के बिना बात पूरी नहीं होगी.

ऑक्सफ़ोर्ड से 50 किलो मीटर की दूरी पर स्थित क्रोथोर्न में रहने वाले माइनर बीस साल तक लगातार मरे के साथ पत्र से सम्पर्क बनाए रहे और लगातार हज़ारों शब्दों की परिभाषा के बारे में लिखते रहे.

हालांकि वह मरे को पत्र लिखने वाले हज़ारों लोगों में से एक थे लेकिन मरे उनसे काफ़ी प्रभावित थे और वह हर बार उन्हें ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी आने का निमंत्रण देते लेकिन माइनर किसी न किसी बहाने से टाल जाते.

मरे ने निश्चय कर लिया कि वह उस गुप्त सहयोग देने वाले से मिलकर रहेगें और वह 1896 में उससे मिलने क्रोथोर्न गए जहां जाकर उन्हें पता चला कि डॉं. माइनर हत्या के अपराधी हैं और पागल आपराधियों की जेल ब्रैडबौर्न में हत्या की सज़ा काट रहें हैं.

उनके शांत सेल में पढ़ने की काफ़ी सामग्री जमा थी और उनके पास दूसरा काम नहीं था, जेल में रह कर शब्द-शब्द यानी ईँट-ईंट जोड़ कर अंग्रेज़ी का शानदार महल तैयार करने में उन्होंने जो योगदान दिया है उसे अंग्रेज़ी वाले कभी नहीं भुला सकेंगे.

ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी का नया संस्करण

ऑक्सफ़ोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी का रंग नीला हुआ करता था लेकिन पर्यावरण की चिंताओँ को लेकर डिक्शनरी में जहां इसके लिए कई नए शब्द शामिल किए गए हैं वहीं इसकी जिल्द में हरियाली नज़र आने लगी है.

इसके नए संस्करण में 16000 शब्दों के बीच से हाइफ़न हटा दिया गया है और अब यह जाने पहचाने शब्द इस प्रकार लिखे जाएंगे Big leaf, Hobby horse, Ice cream, Pin money, Pot belly, Test tube वग़ैरह.

इसी प्रकार कई जगह हाइफ़न वाले शब्दों को मिलाकर एक कर दिया गया है यानी ब्लेंड शब्द बना दिया गया है. याद है ना आपको हमारे ब्लेंड शब्द. हाइफ़न हटाने से अब कुछ शब्द इस प्रकार नज़र आएंगे Bumblebee, Chickpea, Crybaby, Leapfrog, Logjam वग़ैरह.

डिक्शनरी में शामिल किए जाने वाले नए शब्दों में अखाड़ा, दूसरा, इजतेहाद, हवन, गोबर, साम्प्रदाय, तवाफ़ जैसे भारत में जाने पहचाने शब्द है.

ऑक्सफ़ोर्ड डिक्शनरी के मुख्य संपादक का कहना है कि ई-मेल और एसएमएस में दिखने वाले व्यापक प्रयोग के नतीजे में यह स्पष्ट होता जा रहा था कि हाइफ़न अपना महत्व खोते जा रहे हैं और बदलते मिजाज़ के साथ बदलना वक़्त की मांग है.

ख़ैर नए संस्करण में शामिल किए जाने वाले शब्दों की संख्या काफ़ी है और हाइफ़न को भारी संख्या में हटाने की बहस जारी है लेकिन इतना तय है कि हिंदी में हाइफ़न काफ़ी लोकप्रिय हो रहा है. अच्छी बात यह है कि बदलाव की हवा दोनों तरफ़ चल रही है.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें   कहानी छापें
 

  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>