|
'ब्लॉकबस्टर' और 'ब्लूमून' का मतलब..? | ||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
आप ने बॉलीवुड और हॉलीवुड की फ़िल्मों के बारे में अक्सर ‘ब्लॉकबस्टर’ शब्द का प्रयोग देखा होगा. नीचे लिखे वाक्यों को देखें कि इनमें किस तरह ‘ब्लॉकबस्टर’ शब्द का प्रयोग हुआ है Kate Winslet came into prominence from starring in the Hollywood blockbuster Titanic. या फिर Ramgarh Ke Sholay is a parody of the 1975 Bollywood blockbuster Sholay. इन वाक्यों में आपने देखा कि किस प्रकार की फ़िल्मों के लिए ब्लॉकबस्टर का प्रयोग किया गया है. इन दोनों वाक्यों को हिंदी में इस प्रकार लिखेंगे: केट विंस्लेट हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर टाईटैनिक में अभिनय के बाद मशहूर हुईं. रामगढ़ के शोले 1975 की बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर शोले की नक़ल है. आप अब तो ‘ब्लॉकबस्टर’ का मतलब ज़रूर समझ गए होंगे कि इसका प्रयोग बहुत ज़्यादा हिट और लोकप्रिय चीज़ों के लिए होता है. लेकिन क्या आप को मालूम है कि यह शब्द कैसे बना और इसका और क्या प्रयोग है. ब्लॉकबस्टर आज का हमारा पहला शब्द है ब्लॉकबस्टर (Blockbuster). Blockbuster दो शब्दों ‘ब्लॉक’ और ‘बस्ट’ (block and bust) से मिलकर बना है और इसका तीन अर्थों में प्रयोग होता है इसका पहला इस्तेमाल दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान हुआ था. ब्लॉकबस्टर इतने बड़े बम को कहा जाता था जिसमें एक शहर को बरबाद करने की क्षमता हो. यह पहली बार शहरों के एक क्षेत्र या इलाक़े जिसे ब्लॉक कहा जाता है उसे ‘बस्ट’ (bust) या ध्वस्त करने के शाब्दिक अर्थ में प्रयोग किया गया. लेकिन जल्द ही इसका दूसरा अर्थ सामने आया और इसे किसी मूवी, किताब या नाटक की बहुत ज़्यादा शोहरत/ख्याति के लिए प्रयोग किया जाने लगा. इसका प्रयोग भी बड़े धमाके के तौर पर ही लिया गया जिसकी चपेट में बहुत से लोग आए हों. फ़िल्म ‘शोले’ या ‘टाईटैनिक’ के संदर्भ में यह बात सामने आ चुकी है. यानी हम बहुत ही मशहूर, चर्चित और हिट फ़िल्म, किताब और नाटक के लिए इसका प्रयोग करते हैं. इसका तीसरा प्रयोग ज़मीन और मकान बेचने वाले रियल स्टेट एजेंट के लिए होता है. ब्लॉकबस्टर ऐसे एजेंट को कहते हैं जो गोरे लोगों के इलाक़े, कालोनी या ब्लाक में किसी काले परिवार के हाथों मकान या ज़मीन बेचता है. अगर एक बार किसी ब्लॉक में सेंध पड़ गई यानी एक काले या किसी दूसरे अल्पसंख्यक परिवार के हाथ गोरे लोगों के ब्लॉक, कॉलोनी या मुहल्ले में मकान या ज़मीन बेच दी गई तो दूसरे मकानों और ज़मीनों की क़ीमत में भारी गिरावट आ जाती और उसे दूसरे अल्पसंख्यक परिवार को बेचा जाने लगता. यहां भी इसका ‘ब्लॉक’ और ‘बस्ट’ के शाब्दिक अर्थों में प्रयोग हुआ है. वैसे आजकल ब्लॉकबस्टर शब्द का प्रयोग मुक्केबाज़ी के मुक़ाबले में भी काफ़ी लोकप्रिय है. ब्लूमून दूसरा शब्द है ब्लूमून (Blue Moon) आपने नीला आकाश तो ज़रूर देखा होगा लेकिन क्या आपने कभी नीला चांद देखा है. नीले रंग के मुहावरे वाले लेख में ‘ब्लू’ शब्द वाले कई मुहावरों के बारे में बताया जा चुका है. आप को वे सारे प्रयोग याद होंगे, उसके आधार पर आप समझ सकते हैं कि यहां ‘ब्लू मून’ का मतलब नीला चांद नहीं बल्कि कुछ और है.
पहले पहले ब्लू मून को एक ही महीने में दो बार दिखाई देने वाले दूसरे पूर्णिमा को कहा जाता था जोकि बहुत ही कम मौक़ों पर संभव है. अंग्रेज़ी महीना प्रायः 30.5 दिन का होता है और चाँद का महीना 29.5 दिन का, इस प्रकार सौ साल में ऐसा 41 बार होता है जब एक ही महीने में दो बार पूर्णिमा हो. आज इसका प्रयोग किसी घटना के बहुत कम घटित होने के लिए होता है यानी इसका इस्तेमाल विरल या not often, और rare के लिए होता है. इसका प्रयोग किसी ऐसी घटना के बारे में भी होता है जो कभी न घटित हो क्योंकि हम कभी ऐसा चाँद नहीं देखते हैं जो नीला हो. लेकिन वास्तव में चाँद उस वक़्त नीला हो सकता है जब वातावरण में बहुत सारा गर्द-ग़ुबार या धुआं फैल जाए जैसा कि वर्ष 1951 में कनाडा के जंगल में लगने वाली आग या वर्ष 1883 में कराकटवा में ज्वालामुखी के फटने के बाद चांद नीला दिखने लगा था. इस से बनने वाला एक और मुहावरा है Once in a blue moon (वंस इन ए ब्लू मून). उर्दू और हिंदी में ‘ईद का चांद’ के रूप में इसका प्रयोग करते हैं. ईद के चाँद अगर आपको कोई यह कहे कि ‘भाई आप तो ईद का चांद हो गए हैं’ तो इसका मतलब है आप दिखाई नहीं देते हैं. ईद का चांद देखने के लिए मुसलमान आसमान पर टकटकी लगाए देखते रहते हैं लेकिन वह कभी दिखता है और कभी नहीं दिखता है. ऑक्सफ़ोर्ड डिक्शनरी के मुताबिक़ इसे पहली बार वर्ष 1528 में इस प्रकार इस्तेमाल किया गया. (अगर वे कहते हैं कि चांद नीला है, तो हमें विश्वास करना चाहिए कि यह सही है) लेकिन इसका आधुनिक प्रयोग वर्ष 1821 में शुरू हुआ और इस का प्रयोग हर उस अवसर की अभिव्यक्ति के लिए किया जाने लगा जो विरल और कम घटित होने वाला हो. 19वीं शताब्दी में एक और मुहावरा प्रयोग किया जाने लगा until a blue moon (अंटिल ए ब्लू मून) जिसका अर्थ था कभी नहीं, Never |
इससे जुड़ी ख़बरें अंग्रेज़ी भाषा को शेक्सपियर का योगदान02 मार्च, 2007 | Learning English सोडा, कॉफ़ी, मसाज शब्द कहां से आए 23 फ़रवरी, 2007 | Learning English डच करेज या डच अंकल क्या होता है? 02 फ़रवरी, 2007 | Learning English 'सैंडविच जेनरेशन' क्या होता है?20 जनवरी, 2007 | Learning English वर्ष 2006 के दो नए लोकप्रिय शब्द07 जनवरी, 2007 | Learning English | ||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
| |||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
| | |||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||