
वाधवा के अलावा चार अन्य अमरीकी नागरिकों को इस सम्मान से नवाजा गया.
भारतीय मूल के अमरीकी शोधकर्ता और टेक्नोलॉजी के स्तंभकार विवेक वाधवा को अमरीकी सरकार की तरफ से जिम्मेदार नागरिकता का एक प्रतिष्ठित सम्मान मिला है.
अमरीका की नागरिकता और अप्रवास सेवा (यूएस सिटिजन एंड इमिग्रेशन सर्विसेज) के निदेशक एलेयांद्रो मैयौर्का ने वाधवा को 'आउटस्टैंडिंग अमेरिकन बाई च्वाइस' के पुरस्कार से सम्मानित किया.
ये अहम सम्मान शहरी विकास में भागीदारी, पेशेवर सफलता और जिम्मेदार नागरिकता को नजर में रखते हुए दिया जाता है.
वाधवा को अमरीका की अप्रवास नीति का सबसे कटु आलोचक माना जाता है, इसके बावजूद उन्हें ये सम्मान मिला है.
अवार्ड
अवार्ड लेने के बाद वाधवा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, "ये अमरीका की महानता है कि वो लोगों को लीक से हट कर सोचने का और अपनी आवाज उठाने का सम्मान करता है."
उन्होंने कहा, "इस देश में कोई भी सफल हो सकता है और ये यहां की सबसे खूबसूरत बात है. मैं उम्मीद करता हूं कि इससे दूसरे अमरीकी भारतीयों को प्रेरणा मिलेगी कि वो उस देश को वापस कुछ दें जिसने उन्हें गले लगाया है और इतने अवसर दिए हैं."
वाधवा के अलावा चार अन्य अमरीकी नागरिकों को इस सम्मान से नवाजा गया.
वाधवा सिंगुलेरिटी युनिवर्सिटी में अकादमिक और नवप्रवर्तन के उपाध्यक्ष हैं और स्टैनफोर्ड युनिवर्सिटी में फेलो के पद पर हैं.
साल 2005 में अकादिमी में आने से पहले उन्होंने दो सॉफ्टवेयर कंपनियों की स्थापना की थी.
वाधवा को साल 1989 में अमरीका की नागरिकता मिली. उन्होंने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री ली है.

















