राम मंदिर के फ़ॉर्मूले पर वापस लौटी भाजपा

 शुक्रवार, 27 जनवरी, 2012 को 15:17 IST तक के समाचार
भाजपा नेता

भाजपा ने अल्सपसंख्यकों को आरक्षण पर भी आपत्ति जताई है

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाने का वादा किया है.

लखनऊ में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जारी हुए इस घोषणापत्र में पार्टी ने कहा है- अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है. भाजपा सभी बाधाओं को दूर करते हुए अयोध्या में राम मंदिर बनवाने को लेकर प्रतिबद्ध है.

भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर पार्टी मायावती सरकार की ओर से बनवाए गए स्मारकों की पुनर्रचना करेगी.

शुक्रवार को लखनऊ में जारी घोषणा पत्र में भाजपा ने कहा है, "बसपा सरकार ने जनता के हज़ारों करोड़ों रुपयों और सैकड़ों एकड़ सार्वजनिक भूमि का दुरूपयोग कर विशाल स्मारक और अट्टालिकाएं खड़ी की हैं. उनमें प्रदेश के महापुरुषों की घोर उपेक्षा और अपमान किया गया है."

घोषणा पत्र में कहा गया है कि डॉक्टर अम्बेडकर तो सर्वमान्य हैं, इसलिए उनका सम्मान होना चाहिए, लेकिन उसके साथ ख़ुद का महिमा मंडन यानी मायावती की मूर्ति लगाना ठीक नहीं.

भाजपा ने कहा है कि सत्ता में आने पर इन स्मारकों की पुनर्रचना में संत रविदास, वाल्मीकि, कबीर, तुलसी, बिजली पासी, उदा देवी, झलकारी बाई जैसे महापुरुषों की प्रतिमाएं भी इन स्मारकों के अंदर डॉक्टर अम्बेडकर के अगल-बगल लगवाई जाएँगी.

भाजपा ने यह भी कहा है कि भाजपा यह व्यवस्था भी करेगी कि बसपाई सरकारी पैसों से बने स्मारकों और संस्थानों का ट्रस्टों के माध्यम से निजीकरण न कर सकें.

'उत्तर प्रदेश दलदल में, मुक्ति है कमल में'

बहत्तर पन्ने के घोषणा पत्र में सबसे ऊपर पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का चित्र छपा है. अंत में लिखा है- उत्तर प्रदेश दलदल में, मुक्ति है कमल में.

घोषणा पत्र में सबसे मोटे अक्षरों में पिछड़े वर्गों में मुसलमानों के लिए केंद्र सरकार की ओर से घोषित साढ़े चार फ़ीसदी आरक्षण का विरोध किया गया है.

भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने न केवल अन्य पिछड़े समाज को सांप्रदायिक आधार पर विभाजित किया है, बल्कि पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों को मिल रहे आरक्षण सुविधा में भारी कटौती की है.

सरकार बनने पर मुस्लिम आरक्षण तुरंत समाप्त करने की बात कही गई है.

घोषणा पत्र में भाजपा ने सुशासन और स्वच्छ राजनीति के लिए भजपा का संकल्प दोहराया है. पार्टी ने किसानों और नौजवानों समेत सभी के लिए विकास और रोजगार का कुछ न कुछ वादा किया है.

घोषणा पत्र जारी करने के लिए उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही के अलावा उमा भारती, कलराज मिश्र, सत्यदेव सिंह, मुख़्तार अब्बास नक़वी, करुणा वाजपेयी और सुधींद्र कुलकर्णी मंच पर मौजूद थे.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.