
अमिताभ बच्चन ने उनकी जमकर सराहना की है और कहा कि सुशील कुमार बहुत अच्छा खेले.
बिहार के सुशील कुमार ने कौन बनेगा करोड़पति खेल में अंतिम दौर तक पहुँचते हुए पांच करोड़ की पुरस्कार राशि जीत ली है.
बिहार के चंपारण के रहने वाले सुशील कुमार पेशे से एक शिक्षक हैं और उनकी मासिक आय 6000 रुपए है.
सुशील कुमार के भाई सुधीर कुमार ने बीबीसी के साथ हुई एक ख़ास बातचीत में इस बात का उल्लेख किया है कि उनके भाई बचपन से ही बीबीसी हिंदी सेवा सुनते रहे हैं.
क्लिक करें बीबीसी सुनकर जीत गए भाई - सुनिए
सुधीर कुमार ने बताया, "मंटू भाई ( सुशील कुमार) ने जब से होश संभाला तब से वे बीबीसी हिंदी ही सुनकर बड़े हुए हैं. हमारे यहाँ टीवी तो पिछले साल ही आ पाया. उसके पहले हम सब रेडियो पर बीबीसी ही सुनते थे और भाई तो उसके नियमित श्रोता हैं."
सुधीर कुमार ने इस बात पर भी ख़ासा ज़ोर दिया है कि उनका परिवार बेहद ग़रीब रहा है और जीत की पुरस्कार राशि से उनेक परिवार की दिक्कतें दूर हो जाएंगी.
"मंटू भईया ( सुशील कुमार) ने जब से होश संभाला तब से वे बीबीसी हिंदी ही सुनकर बड़े हुए हैं. हमारे यहाँ टीवी तो पिछले साल ही आ पाया. उसके पहले हम सब रेडियो पर बीबीसी ही सुनते थे और भईया तो उसके नियमित श्रोता हैं."
सुधीर कुमार, सुशील कुमार के भाई
उन्होंने बताया, "जिस घर में हम रहते हैं वो पहले से ही गिरवी है. सुशील भाई की यही इच्छा है कि इसको ऋण से छुड़वा कर एक नया घर लें जहाँ हम सभी भाई मिलजुल कर रह सकें. माँ सरस्वती और माँ लक्ष्मी की कृपा के चलते ही वे कौन बनेगा करोड़पति जीत सके. हम सभी बेहद खुश हैं."
'बारह लाख बहुत हैं'
ये पूछे जाने पर कि उन्हें अपने भाई की जीत की ख़बर कब पता चली, सुधीर कुमार ने बताया की उन्हें तब तक पता था जब तक सुशील 12.5 लाख जीत चुके थे.
उन्होंने कहा, "भाई ने फ़ोन करके बताया था की साढ़े बारह लाख जीत लिए. हम सभी ने उनसे यही कहा था की अब बहुत है, इतने में हमारे कष्ट दूर हो जाएंगे. उन्होंने भी यही कहा था लेकिन उसके बाद बात नहीं हो सकी. बाद में न्यूज़ पर और रिश्तेदारों ने फ़ोन किया तब पता चला की वो तो पूरे पांच करोड़ जीत गए."
सुधीर कुमार से बात होने पर ही पता चला की जब से उनके परिवार के लोगों को सुशील कुमार की जीत का पता चला है तब से वो लोग ख़ुशी के मारे खाना भी नहीं खा सके हैं.
उन्होंने इस बात का भी ज़िक्र किया कि सुशील एक बार मैट्रिक परीक्षा में फे़ल हो गए थे लेकिन उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा है.
कौन बनेगा करोड़पति के पाँचवें संस्करण की सर्वोच्च पुरस्कार राशि जीतने के बाद मंगलवार को शो के एंकर अमिताभ बच्चन ने सुशील कुमार को मीडिया के सामने पेश किया.
अमिताभ बच्चन ने उनकी जमकर सराहना की है और कहा कि सुशील कुमार बहुत अच्छा खेले.


















