मणिपुर में धमाका, चार मौतें

स्वतंत्रता दिवस से पहले मणिपुर में सुरक्षा कड़ी की जा रही है.

मणिपुर की राजधानी इंफाल के एक भीड़भाड़ वाले बाज़ार में हुए बम धमाके में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है.

पुलिस का कहना है कि यह धमाका दोपहर दो बजे के आसपास संगकपम बाज़ार में हुआ.

एक पुलिस प्रवक्ता ने संवाददाताओं को बताया कि मरने वालों की चार है जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है.

मुख्मंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जांच की घोषणा कर दी है.

इबोबी सिंह ही राज्य के गृह मंत्रालय का काम भी देखते हैं.

खबरों के अनुसार बम एक दोपहिया वाहन में रखा हुआ था जिसमें दोपहर के समय विस्फोट हो गया.

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार ‘मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर’ है.

किसी भी चरमपंथी गुट ने अभी तक इस विस्फोट की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

मणिपुर सरकार ने इंफाल और आसपास के इलाक़ों में सुरक्षा कड़ी कर दी है क्योंकि इससे पहले रविवार को विद्रोहियों ने मणिपुर के चिंगामाथक कॉलेज के पास और कई अन्य संवेदनशील स्थानों पर बम भी फेंके थे.

हालांकि इन बमों में विस्फोट नहीं हो पाया था. जिन घरों पर बम फेंके गए थे वो इंफाल म्युनिसिपल्टी एरिया में आते हैं और इन इलाक़ों से सरकार ने कुछ समय पहले विवादास्पद सशस्त्र बल क़ानून हटाया था.

पुलिस को संदेह है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले चरमपंथी पूर्वोत्तर के राज्यों में हिंसक हमले कर सकते हैं.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.