लेह में मरने वालों की संख्या 185 हुई

लेह में विदेशी पर्यटक

लेह में भारतीय वायुसेना ने कई विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है.

भारत प्रशासित कश्मीर में अधिकारियों का कहना है कि लेह में अचानक आई बाढ़ के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 185 हो गई है. कई विदेशी पर्यटकों और 28 भारतीय सैनिकों समेत लगभग 400 लोग लापता हैं.

कश्मीर की डिविज़नल कमिश्नर नसीमा लंकर ने बीबीसी को बताया है कि मरने वालों में छह विदेशी नागरिक भी हैं. अचानक आई बाढ़ से कई विदेशियों के पानी में बह जाने की भी ख़बर है.

मंगलवार को भारतीय वायुसेना ने 50 विदेशी पर्यटकों को बचाने के लिए 18 उड़ानें भरी थीं. वायुसेना ने 24 गंभीर रुप से घायल लोगों को लेह से उधमपुर के एक अस्पताल में पहुंचाया है.

सड़कों की मरम्मत

लेह में एक अस्थाई पुल

एक अस्थाई पुल के निर्माण के बाद आराम करते भारतीय सैनिक

लेह-मनाली और लेह-श्रीनगर राजमार्गों को यातायात के लायक बनाने के लिए लगातार कोशिशें की जा रहीं हैं. भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को पुल बनाने का 22 टन सामान क्षेत्र में पहुंचाया है.

लेह से 100 किलोमीटर दूर फयांग से लेकर हिमाचल प्रदेश में मनाली तक सड़क खुल गई है.

श्रीनगर में सेना के एक प्रवक्ता ने कहा है कि लेह-मनाली मार्ग को बुधवार को खोला जा सकता है.

लेकिन लेह-श्रीनगर मार्ग अब भी बंद है. लेह और खालसी के बीच चार किलोमीटर की सड़क अचानक आई बाढ़ में बह गई है.

बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइज़ेशन आठ अस्थाई पुल बिछा रही है जिन्हें ‘बैले ब्रिज’ कहा जाता है. इनमें से दो ‘बैले ब्रिज’ बिछाए जा चुके हैं.

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन लेह में एक काउंसलर की टीम लेकर पहुंचा है जो हादसे के बाद लोगों में आए मानसिक तनाव से निबटने में सहायता करेगी.

लेह से आ रही ख़बरों में अब कुछ लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.