
अलग तेलंगाना राज्य के गठन को लेकर आंदोलन पिछले महीने के अंत में तेज़ हो गया था
अलग तेलंगाना राज्य को लेकर आंध्र प्रदेश में चल रहे आंदोलन पर दिल्ली में हुई कई महत्वपूर्ण बैठकों के बाद केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरु की जाएगी.
केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने देर रात पत्रकारों को बताया कि इसके लिए राज्य विधानसभा में समुचित प्रस्ताव पेश किया जाएगा.
हालांकि उन्होंने इसकी कोई तारीख़ नहीं बताई है.
इस घोषणा के बाद से हैदराबाद में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नेताओं ने इसे तेलंगाना की जनता की जीत बताया है.
उधर हैदराबाद में पिछले 11 दिनों से आमरण अनशन कर रहे टीआरएस के चंद्रशेखर राव ने 'जय तेलंगाना' के नारों के बीच निज़ाम इंस्टिट्यूट में अपना अनशन समाप्त कर दिया है.
उनकी हालत ख़राब हो जाने के बाद बुधवार को उन्हें इंजेक्शन के ज़रिए तरल पदार्थ दिया गया था, जिससे उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था.
घोषणा
इसके लिए राज्य विघानसभा में समुचित प्रस्ताव पेश किया जाएगा
पी चिदंबरम
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने रात कोई साढ़े ग्यारह बजे पत्रकारों को बताया कि केंद्र सरकार ने अलग तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरु करने का फ़ैसला किया है.
उन्होंने कहा, "इसके लिए राज्य विधानसभा में समुचित प्रस्ताव पेश किया जाएगा."
गृहमंत्री ने बताया कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रोसैया से कहा गया है कि 29 नवंबर, 2009 के बाद तेंलंगाना राज्य के आंदोलनकरियों और छात्रों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी मुक़दमे वापस ले लिए जाएं.
उनका कहना था कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार इस संबंध में समुचित क़दम उठाएगी.
उन्होंने कहा, "हम चंद्रशेखर राव के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित हैं और हम सभी आंदोलनकारियों विशेषकर छात्रों से अनुरोध करते हैं कि वे अपना आंदोलन वापस ले लें."
इस सवाल का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया कि यह प्रस्ताव कब पेश किया जाएगा.
उनका कहना था कि प्रधानमंत्री देश में नहीं थे और उनके लौटने के बाद बैठकें हुईं और उसमें यह निर्णय लिया गया.
ख़ुशी की लहर
गृहमंत्री पी चिदंबरम की घोषणा के बाद हैदराबाद में ख़ुशी की लहर दौड़ गई.
बीबीसी संवाददाता उमर फ़ारुक़ के अनुसार इस घोषणा को टीआरएस के नेताओं ने अपनी और तेलंगाना के साढ़े तीन करोड़ लोगों की जीत बताया है.
हालांकि अभी मुख्यमंत्री की ओर से किसी तरह की औपचारिक घोषणा अभी नहीं की गई है लेकिन लोग मान रहे हैं कि केंद्र सरकार इस बार तेलंगाना को लेकर संजीदा है.
राज्य के मुख्यमंत्री के रोसैया दिल्ली से विशेष विमान के ज़रिए हैदराबाद पहुँचे हैं.
संभावना है कि वे गुरुवार को किसी समय निज़ाम इंस्टिट्यूट पहुँचकर टीआरएस नेता चंद्रशेखर राव से मिलेंगे.
अभी यह घोषणा नहीं की गई है कि राज्य विधानसभा में तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया कब शुरु की जाएगी.
केंद्र सरकार ने यह प्रक्रिया शुरु करने की घोषणा ऐसे समय में की है जब टीआएएस की ओर से गुरुवार को छात्रों की बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी की जा रही थी.
टीआरएस की ओर से कहा गया था कि सभी विश्वविद्यालयों से एक लाख छात्र विधानसभा की ओर मार्च करेंगे.
लेकिन इस घोषणा के बाद इस रैली को विजय रैली में तब्दील करने की घोषणा की गई है.
बैठकों का दौर
प्रधानमंत्री के दिल्ली लौटने के साथ ही बैठकों को लंबा सिलसिला चला.
मुख्यमंत्री के रोसैया को पहले ही दिल्ली बुलवा लिया गया था.
तेलंगाना के मसले पर कांग्रेस कोर ग्रुप की दो बैठकें हुई जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने की.
इस बीच मुख्यमंत्री के रोसैया ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात कर ली थी.
कांग्रेस कोर ग्रुप की दूसरी बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम, रक्षामंत्री एके एंटनी, विधि मंत्री वीरप्पा मोइली भी सोनिया गांधी से मिलने उनके निवास पहुँचे.
बैठकों के इन दौर के बाद गृहमंत्री ने अलग राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरु करने की घोषणा की.














