Advertisement

भारतीय परमाणु संयत्र सुरक्षित: चौहान

भाभा परमाणु शोध केंद्र

सुरक्षा की चर्चा मुंबई हमलों के एक साल पूरा होने के समय में हो रही है

भारत ने कहा है कि उसके सभी परमाणु प्रतिष्ठान पूरी तरह से सुरक्षित हैं क्योंकि इनके आसपास कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भारतीय प्रधानमंत्री के कार्यालय में राज्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान ने कहा है, "सभी परमाणु प्रतिष्ठान पूरी तरह सुरक्षित हैं...ये पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस पर कोई सवाल नहीं है. कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था है."

ग़ौरतलब है कि परमाणु ऊर्जा विभाग देश में 17 परमाणु ऊर्जा प्रतिष्ठानों की देखरेख करता है और इस विभाग का कार्यभार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास है.

सभी परमाणु प्रतिष्ठान पूरी तरह सुरक्षित हैं...ये पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस पर कोई सवाल नहीं है. कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था है

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री चौहान

'सतर्कता बढ़ाई गई'

पीटीआई के अनुसार भारत के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों को 'हाई एलर्ट' यानी अत्यधिक सतर्कता पर रखा गया है ताकि चरमपंथी कहीं उन्हें निशाना न बनाएँ.

महाराष्ट्र में ट्रॉम्बे स्थित भाभा परमाणु शोध केंद्र को सबसे अधिक सतर्कता पर रखा गया है.

भारतीय गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है, "संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है...ये कदम एहतियात के तौर पर उठाए गए हैं. राज्य सरकारों से कहा गया है कि वे इन प्रतिष्ठानों के आसपास सतर्कता और गश्त बढ़ा दें ताकि इन पर हमलों को किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके."

महत्वपूर्ण है कि परमाणु प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील जगहों की सुरक्षा की चर्चा समाचार माध्यमों में ऐसे समय में छाई हुई है जब मुंबई पर नवंबर 2008 में हुए हमलों को एक साल पूरा होने को है. साथ ही, हाल में अमरीका में ख़ुफ़िया एजेंसी एफ़बीआई की हिरासत में अमरीकी नागरिक डेविड हैडली और पाकिस्तानी मूल के कनाडा के नागरिक ताहव्वुर हुसैन राणा की भारत और पाकिस्तान में गतिविधियों के बारे में जाँच चल रही है.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.