
आंध्र प्रदेश में पिछले धमाकों के मद्देनज़र चिंता बढ़ गई थी
आंध्र प्रदेश के गुंटूर ज़िले के एक गांव में विस्फोटकों से भरे एक गोदाम में धमाका हो जाने से 20 लोगों की मौत हो गई है.
ज़िले के पुलिस अधीक्षक एस बागची ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है.
उनका कहना था,'' हमें संदेह है कि विस्फोटक पदार्थ अमोनियम नाइट्रेट था लेकिन हम वास्तविक जानकारी तभी दे पाएंगे जब विशेषज्ञों की रिपोर्ट आ जाएगी. बम और फोरेंसिक विशेषज्ञ अब भी दुर्घटना के तरीक़े की जांच कर रहे हैं.''
हमें संदेह है कि विस्फोटक पदार्थ अमोनियम नाइट्रेट था लेकिन हम वास्तविक जानकारी तभी दे पाएंगे जब विशेषज्ञों की रिपोर्ट आ जाएगी. बम और फोरेंसिक विशेषज्ञ अब भी दुर्घटना के तरीक़े की जांच कर रहे हैं.
एस बागची, पुलिस अधीक्षक, गुंटूर
ये घटना गुंटूर ज़िले के डाचेपल्ली मंडल के नरायणपुरम गांव में हुई जो कि राजधानी हैदराबाद से 350 किलोमीटर दूर है.
इस घटना में चौदह लोग घायल भी हुए हैं जिनमें कुछ की हालत बेहद गंभीर है. घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक ये विस्फोटक एक लाइसेंसधारी व्यापारी वेंकटेश्वर राव ने जमा किए हुए थे और वो औद्योगिक इस्तेमाल के लिए इनकी सप्लाई करते हैं.
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वहाँ एक के बाद एक कई विस्फोट हुए.













