
मनमोहन सिंह ने ऑस्ट्रलियाई प्रधानमंत्री केविन रड से विभिन्न मुद्दों पर बात की
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविन रड से भारतीय छात्रों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताई है.
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविन रड की गुरुवार को हुई बातचीत में ये मुद्दा उठा.
दिल्ली में बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पत्रकारों से कहा,'' मैंने प्रधानमंत्री रड से भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर अपनी चिंता जाहिर की है.''
उनका कहना था कि प्रधानमंत्री केविन रड ने उन्हें आश्वासन दिया है कि ऑस्ट्रेलिया भारतीय छात्रों की सुरक्षा के प्रति वचनबद्ध है और इस संबंध में आवश्यक सभी कदम उठाएगा.
पिछले चार-पाँच महीनों के दौरान ऑस्ट्रेलिया में कई भारतीय छात्रों पर हमला हो चुका है.
तनाव
ऑस्ट्रेलिया में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र पढ़ाई करते हैं और इस घटनाक्रम के कारण शिक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल बना है.
मैंने प्रधानमंत्री रड से भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर अपनी चिंता जाहिर की है.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह
इस सिलसिले में कई ऑस्ट्रेलियाई मंत्री भारत का दौरा कर चुके हैं. हमलों को देखते हुए भारत ने वहाँ अध्ययन करने जानेवाले छात्रों के लिए दिशानिर्देश भी जारी किए हैं.
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री केविन रड का कहना था,'' ऑस्ट्रेलिया की ये ज़िम्मेदारी है कि वो विदेशी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं.''
इसके पहले भी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा था,'' ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री होने के नाते मैं किसी भी विदेशी छात्र पर हिंसक हमला होने पर मुझे बेहद पीड़ा होती है, वे हमारे अतिथि हैं.''
उद्योग संगठनों सीआईआई, फिक्की और एसोचैम के एक कार्यक्रम में केविन रड ने कहा,'' भारतीय छात्र दोनों देशों के बीच भविष्य के व्यापारिक संबंधों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनका ऑस्ट्रेलिया में स्वागत है.''
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को 17 हज़ार रन पूरे करने पर बधाई दी है.
सचिन ने हाल ही में हुई एक दिवसीय मैच सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ये उपलब्धि हासिल की थी.
केविन रड का कहना था कि भारत और ऑस्ट्रेलिया को जोड़ने वाली सबसे मज़बूत कड़ी क्रिकेट है.












