
राजीव शाह भारतीय मूल के अमरीकी नागरिक हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारतीय मूल के अमरीकी नागरिक राजीव शाह को अमरीकी सहायता एजेंसी का प्रशासक नियुक्त किया है.
राजीव शाह एक डॉक्टर हैं और फ़िलहाल कृषि विभाग में खाद्य सुरक्षा का काम देखते हैं.
राष्ट्रपति ओबामा की तरफ़ से जारी एक बयान में कहा गया है कि राजीव शाह एक प्रभावशाली पृष्ठभूमि से आते हैं.
इस बयान मे ये भी कहा गया है कि राजीव शाह अंतरराष्ट्रीय विकास में अमरीकी मदद के लिए नई सोच और तरीक़े लाएंगे.
राजीव शाह के साथ अमरीकी सहायता एजेंसी मे एक नई सोच भी आएगी.
बराक ओबामा का बयान
हालांकि राजीव शाह की नियुक्ति को अभी अमरीकी सेनेट की मंज़ूरी मिलनी बाक़ी है.
अमरीकी सहायता एजेंसी के प्रशासक का पद पिछले 10 महीने से खाली पड़ा था.
जब से बराक ओबामा ने राष्ट्रपति पद संभाला था, अमरीकी सहायता एजेंसी एक कार्यवाहक निदेशक की देख-रेख मे चल रही थी.
अमरीकी सहायता एजेंसी की अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान मे अहम भूमिका होगी.
इन दो देशों के बारे में एजेंसी के अधिकारियों का मानना है कि वहाँ असैनिक ढांचे को मजबूत किया जाना चाहिए.














