
महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाक़ों के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है
महाराष्ट्र और गुजरात में तूफ़ान की आशंका के बाद जारी किया गया अलर्ट वापस ले लिया गया है.
मौसम विभाग ने तूफ़ान आने की आशंका जताई गई थी जिसके बाद मुंबई में स्कूल, कॉलेज और दफ़्तर दोपहर बाद बंद कर दिए गए हैं और लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई थी.
हालांकि अब मौसम विभाग ने कहा है कि महाराष्ट्र और गुजरात में अब तूफ़ान की आशंका ख़त्म हो गई है.
वैसे महाराष्ट्र और गुजरात में शाम को बारिश और तेज़ हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है.
दिन में मुंबई में बारिश हुई है लेकिन उसके बाद दोपहर में बारिश रुकी हुई है.
दरअसल दक्षिण पूर्व और मध्य अरब सागर पर बना दबाव का क्षेत्र मंगलवार को पश्चिमोत्तर क्षेत्र की तरफ बढ़ा जिसके बाद मौसम विभाग ने तूफ़ान की चेतावनी जारी की थी लेकिन अब ये दबाव ख़त्म हो गया है.
भारतीय मौसम विज्ञान ने मछुआरो को केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात के तटों के आसपास समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी थी.



















