Advertisement

निलंबन के बाद विरोध प्रदर्शन

फ़ाइल चित्र

महाराष्ट्र विधानसभा में हिंदी में शपथ लेने वाले अबू आज़मी के साथ हुई हाथापाई के बाद राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं.

नासिक में महाराष्ट्र नवनिर्माण पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अबू आज़मी का पुतला जलाया. ये लोग वसंत गीते समेत अन्य एमएनएस विधायकों को चार साल के लिए निलंबित करने का विरोध कर रहे थे. वसंत गीते नासिक-सेंट्रल से चुने गए हैं.

घटना को देखते हुए राज्य के कई हिस्सों में सुरक्षा इंतज़ाम और पुख़्ता कर दिए गए हैं.

मालेगाँव में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज ठाकरे का पुतला जलाने की कोशिश की.

सोमवार को अबू आज़मी के साथ हाथापाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने भिवंडी में कई बसों और दुकानों पर पथराव किया था.

निलंबन

इन चारों विधायकों ने सोमवार को सदन के भीतर जम कर हंगामा किया था.सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी ने हिंदी में शपथ ली थी. एमएनएस के चार विधायकों ने अबू आज़मी के हिंदी में शपथ लेने का विरोध किया, उन्हें शपथ लेने से रोका और उनके साथ हाथापाई की.

इन पर एक महिला विधायक के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगा है.

महाराष्ट्र के संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन पाटिल ने चारों विधायकों के निलंबन का प्रस्ताव रखा जिसे ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया गया.

हर्षवर्धन पाटिल ने विधायकों शिशिर शिंदे, राम कदम, रमेश वंजाले और वसंत गीते के आचरण को निंदनीय बताया और कहा कि इससे सदन की गरिमा को ठेस पहुंची.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.