Advertisement

महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा

राज ठाकरे

एमएनएस के नेता मराठी के पक्ष में बयानबाजी करते रहे हैं

महाराष्ट्र विधानसभा में सोमवार को जमकर नारेबाज़ी हुई जिसके बाद कुछ समय के लिए विधानसभा की कार्रवाई रोक दी गई.

विधानसभा में हंगामा तब हुआ जब समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी ने हिंदी में अपना शपथ लिया.

इस घटना के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए अबू आज़मी ने कहा, "मुझे मराठी नहीं आती इसलिए हिंदी में मैंने शपथ ली. मेरे साथ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के विधायकों ने हाथापाई की."

उन्होंने एमएनएस के विधायकों के ख़िलाफ़ सरकार से कार्रवाई की मांग की.

इससे पहले एमएनएस ने विधायकों से सिर्फ़ मराठी में ही शपथ लेने की मांग की थी.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. एक निजी टेलीविज़न चैनल के साथ बातचीत में उन्होंने कहा देश की जनता हिंदी में शपथ लेने के कारण उनका सम्मान करेगी.

मुझे मराठी नहीं आती इसलिए हिंदी में मैंने शपथ लिया. मेरे साथ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के विधायकों ने हाथापाई की

अबू आज़मी, सपा के विधायक

उन्होंने कहा, "हम अबू आज़मी को बधाई देना चाहते हैं. मुझे विश्वास है कि पूरे देश की जनता उनके इस क़दम का समर्थन करेगी."

उल्लेखनीय है कि एमएनएस के नेता क्षेत्रीयता के पक्ष में और उत्तर भारतीयों के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी करते रहे हैं.

महाराष्ट्र में पिछले दो सप्ताह से भी ज़्यादा समय से जारी राजनीतिक गतिरोध के बाद शनिवार को राज्य की नई सरकार ने शपथ ग्रहण कर ली थी.

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता अशोक चह्वाण के नेतृत्व में नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हुआ था और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के छगन भुजबल ने राज्य के उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

इस बार 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस को 82 और एनसीपी को 62 सीटें मिली हैं. भाजपा को 46, शिवसेना को 44 और अन्य को 54 सीटें मिली है.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.