Advertisement

महाराष्ट्र में नई सरकार का शपथ ग्रहण

महाराष्ट्र में पिछले दो सप्ताह से भी ज़्यादा समय से जारी राजनीतिक गतिरोध के बाद आखिरकार शनिवार को राज्य की नई सरकार ने शपथ ग्रहण कर ली है.

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता अशोक चह्वाण के नेतृत्व में नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हो गया है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के छगन भुजबल ने राज्य के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

पिछली सरकार में गृहमंत्री रहे आरआर पाटिल को नवंबर, 2008 के मुंबई हमलों के बाद अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था. नए मंत्रिमंडल में उन्हें फिर शामिल किया गया है.

वैसे राज्य मे तीसरी बार चुनकर सत्ता तक पहुँचा एनसीपी कांग्रेस गठबंधन 15 दिनों तक नई सरकार गठित नहीं कर पाया.

सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर कुछ गतिरोध पैदा हो गए थे और दोनों पार्टियों में इसपर समझौते के लिए कई चरणों में बातचीत होती रही.

फिर राज्यपाल के दखल और अंततः सहमति बनने के बाद राज्य में नई सरकार गठित हो गई.

राजनीतिक जोड़-तोड़

शनिवार की शाम एनसीपी के 20 मंत्रियों को और कांग्रेस के 16 मंत्रियों को राज्यपाल ने पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई.

समझौते के अनुसार कांग्रेस के 23 मंत्री बनेंगे जिनमें मुख्यमंत्री पद भी शामिल हैं जबकि एनसीपी के 20 मंत्री बने हैं.

पिछले महीने 13 अक्टूबर को चुनाव संपन्न होने के 10 दिन बाद आए नतीजों में कांग्रेस और एनसीपी को बहुमत प्राप्त हो गया और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर प्राप्त हुआ.

एनसीपी की ओर से शपथ लेने वालों में उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल अहम हैं. कांग्रेस की और से नारायण राणे, जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे, मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.