चव्हाण-हुड्डा-खांडू फिर मुख्यमंत्री

अशोक चव्हाण

अशोक चव्हाण ने पिछले साल नवंबर में मुख्यमंत्री का पद संभाला था

हरियाणा में भूपिंदर सिंह हुड्डा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है.

चूंकि उन्हें स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, राज्यपाल ने एक हफ़्ते के भीतर उन्हें बहुमत साबित करने को कहा है.

उधर अरुणाचल प्रदेश में दोरजी खांडू ने भी एक बार फिर शपथ ले ली है.

महाराष्ट्र में अशोक चव्हाण का एक बार फिर मुख्यमंत्री बनना तय है.

उल्लेखनीय है कि इन तीनों राज्यों में हाल ही में हुए चुनावों के बाद महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत मिल गया था लेकिन हरियाणा में बहुमत के लिए उसे निर्दलीय विधायकों की सहायता लेनी पड़ी है.

कांग्रेस आलाकमान ने चुनाव से पहले सत्ता संभाल रहे मुख्यमंत्रियों को एक बार फिर नेतृत्व करने की मंज़ूरी दे दी है. इसके बाद संबंधित राज्यों में विधायक दल ने नेता चुनने की औपचारिकता भी पूरी कर दी है.

शपथ

हरियाणा में राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने एक सादे समारोह में भूपिंदर सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है.

उनके साथ उनके मंत्रिमंडल ने शपथ नहीं ली है.

90 सदस्यों वाली विधानसभा में 40 सीटें हासिल करने वाले कांग्रेस को बहुमत के लिए निर्दलीय विधायकों का समर्थन लेना पड़ा है.

मुख्यमंत्री एक हफ़्ते के भीतर अपना बहुमत साबित करेंगे.

उधर अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस को दो तिहाई बहुमत दिलवाने वाले दोरजी खांड़ू ने प्रदेश के पाँचवे मुख्यमंत्री के रुप में शपथ ली है.

राज्य में दूसरी बार मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे दोरजी खांडू को शनिवार को राज्यपाल जेजे सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई.

महाराष्ट्र में कांग्रेस ने घोषणा कर दी है कि अशोक चव्हाण एक बार फिर मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे.

पिछले साल नवंबर में मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख को पद से हटाकर अशोक चव्हाण को कमान सौंपी गई थी.

उनके नेतृत्व में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन ने राज्य में एक बार फिर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.