निर्णय पार्टी हाईकमान का होगा

एके एंटोनी

महाराष्ट्र में कांग्रेस गठबंधन की लगातार यह तीसरी जीत है

महाराष्ट्र चुनाव में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर अभी भी रहस्य बरकरार है.

शनिवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद दिल्ली से गए कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटोनी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बारे में निर्णय पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गाँधी ही लेंगी.

उन्होंने कहा, " पार्टी विधायक दल की बैठक में कुछ विधायकों ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र तो किया लेकिन यह निर्णय पूरी तरह से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया गया."

पार्टी विधायक दल की बैठक में कुछ विधायकों ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र तो किया लेकिन यह निर्णय पूरी तरह से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया गया

एके एंटोनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

एंटोनी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री का नाम अब कांग्रेस प्रमुख ही तय करेंगी.

महाराष्ट्र में लगातार तीसरी बार चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर वर्तमान मुख्यमंत्री अशोक चौहान, दो बार मुख्यमंत्री रह चुके विलासराव देशमुख और नारायण राणे के बीच खींचतान चल रही है.

उल्लेखनीय है कि विलासराव देशमुख को मुख्यमंत्री पद से पिछले साल मुंबई में हुए हमलों के बाद हटाया गया था.

महाराष्ट्र विधानसभा में जहां कांग्रेस ने 82 सीटें जीती हैं. कांग्रेस की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 62 सीटें जीत ली हैं और गठबंधन को कुल 144 सीटें मिली हैं.

राज्य में विपक्षी गठबंधन यानी बीजेपी-शिवसेना को 90 सीटें मिली हैं जिसमें से बीजेपी को 46 सीटें और शिवसेना को 44 सीटें मिली हैं.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.