'महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री कांग्रेस से'

शरद पवार

पवार के बयान से मुख्यमंत्री पद पर विवाद थमा

भारत के तीन राज्यों - महाराष्ट्र, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती जारी है लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस और उसका गठबंधन तीनों राज्यों में आगे है.

जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों के रुझान और नतीजे सामने आ रहे हैं वैसे-वैसे कांग्रेस के खेमे में ख़ुशी का महौल है. साथ ही महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद कांग्रेस पार्टी को मिलने पर भी स्थिति स्पष्ट हो गई है.

हरियाणा में कांग्रेस को उस तरह की सफलता मिलती नज़र नहीं आती जिसकी पार्टी उम्मीद कर रही थी. रुझानों और परिणामों में साफ़ ज़ाहिर है कि चाहे सरकार कांग्रेस की ही बनने की संभावना है लेकिन इंडियन नेशनल लोकदल ने अपनी स्थिति काफ़ी सुधार ली है और लोकसभा चुनावों के मुकाबले में उसने बेहतर प्रदर्शन किया है.

मुख्यमंत्री पद कांग्रेस के पास ही रहेगा. हमें वहां एक काम करने वाली सरकार चाहिए, अच्छी सरकार चाहिए और दोनों दलों में अच्छे रिश्ते चाहिए...बस....दरअसल शिवसेना और उद्धव ठाकरे को कोई गंभीरता से नहीं लेता है

शरद पवार

'महाराष्ट्र: मुख्यमंत्री कांग्रेस का'

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने एक बार दोबारा स्पष्ट किया है कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद की कुर्सी कांग्रेस के पास ही जाएगी. ग़ौलतलब है कि इससे पहले उनकी पार्टी के छगन भुजबल ने कहा था की कांग्रेस को इस बार ये पद एनसीपी को देने पर विचार करना चाहिए.

पवार ने दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री पद कांग्रेस के पास ही रहेगा. हमें वहां एक काम करने वाली सरकार चाहिए, अच्छी सरकार चाहिए और दोनों दलों में अच्छे रिश्ते चाहिए...बस." शिवसेना पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, "दरअसल शिवसेना और उद्धव ठाकरे को कोई गंभीरता से नहीं लेता है."

इसके बाद कांग्रेस नेता और पूर्व में मुख्यमंत्री रह चुके विलासराव देशमुख ने कहा, "शरद पवार स्पष्ट कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री कांग्रेस से होगा. मैं इस मुद्दे पर कोई विवाद नहीं मानता."

राज्य के मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण का कहना था, "मुख्यमंत्री पद के बारे में निर्णय मैंने पार्टी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया है. सामूहिक नेतृत्व एवं सोनिया गांधी के नेतृत्व ने राज्य में पार्टी को विधानसभा सीटों पर बढ़त दिलाई है."

हरियाणा में एक नया इतिहास लिखा जा रहा है.1972 के बाद पिछले चालीस सालों में कोई भी सत्ताधारी पार्टी वापस नही आई है. सीटें उम्मीद से थोड़ी कम है. मैं ख़ुद मुख्यमंत्री पद का दावेदार हूँ

भूपेंद्र सिंह हुड्डा

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता जयंती नटराजन ने मीडिया से बातचीत में कहा, "महाराष्ट्र में कई योग्य नेता हैं और नवनिर्वाचित विधायक 'आलाकमान' के दिशानिर्देश से अगले मुख्यमंत्री का निर्णय करेंगे. पार्टी के वरिष्ठ नेता अगले मुख्यमंत्री के बारे में फ़ैसला करेंगे."

मुख्यमंत्री पद का दावेदार हूँ: हुड्डा

हरियाणा के कांग्रेस मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है, "हरियाणा में एक नया इतिहास लिखा जा रहा है.1972 के बाद पिछले चालीस सालों में कोई भी सत्ताधारी पार्टी वापस नही आई है. जो भी पार्टी सत्ता में रही और उसने पांच साल सरकार चलाई, वह अगले चुनाव में दस का आंकड़ा नही पा सकी है. सीटें उम्मीद से थोड़ी कम है. मैं ख़ुद मुख्यमंत्री पद का दावेदार हूँ."

भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रभारी विजय गोयल ने कहा, "जो परिणाम आ रहे हैं, वैसी ही उम्मीद थी , अगर हरियाणा में अन्य किसी दल के साथ गठबंधन हो जाता तो नतीजे दूसरे होते."

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.