
भारत के गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि नक्सलवाद की समस्या से जूझ रहे राज्यों को केंद्र सरकार हर संभव मदद देगी.
चिदंबरम छ्त्तीसगढ़ दौरे पर हैं और ये बात उन्होंने रायपुर में कही.
उनका कहना था, “नक्सलवाद से लड़ने के प्रति भारत सरकार वचनबद्ध है. इसे जड़ से मिटाने के लिए हम राज्य सरकारों की सहायता करेंगे.”
गृह मंत्री ने नक्सली समस्या से निपटने में छत्तीसगढ़ के क़दमों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि नक्सलियों के ख़िलाफ़ संघर्ष में मारे गए सुरक्षाकर्मियों के परिजनों को पूरी मदद दी जा रही है.
विशेष विमान से छत्तीसगढ़ आए पी चिदंबरम ने राज्यपाल एएसएल नरसिम्हन से राज भवन में मुलाक़ात की और मंत्रालय जाकर मुख्यमंत्री रमन सिंह से भी मिले.
मुलाक़ात के दौरान नक्सल-विरोधी अभियान और सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई.
गंभीर समस्या
नक्सलवाद से लड़ने के प्रति भारत सरकार वचनबद्ध है. इसे जड़ से मिटाने के लिए हम राज्य सरकारों की सहायता करेंगे
पी चिदंबरम
छत्तीसगढ़ ने नक्सिलयों के ख़िलाफ़ अपना अभियान तेज़ कर दिया है. कुछ दिन पहले दंतेवाड़ा ज़िले में चले अभियान में सीआरपीएफ़ के साथ मिलकर नौ नक्सलियों को मार दिया गया.
गृह मंत्री ने नक्सलियों से मुठभेड़ में मारे गए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्वांजलि भी दी.
पी चिदंबरम माओवादियों के ख़िलाफ़ एक बड़े अभियान से पहले छत्तीसगढ़ और झारखंड में सुरक्षा स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं.
इस अभियान के लिए दोनों राज्यों में 20 हज़ार सुरक्षाकर्मियों को भेजा जा रहा है.
35 हज़ार सुरक्षाकर्मी वहाँ पहले से ही तैनात हैं. माना जा रहा है कि अभियान अक्तूबर में चलाया जाएगा.भारत सरकार ने कहा है कि भारत की आंतरिक सुरक्षा को माओवादियों से सबसे ज़्यादा खतरा है.
सितंबर में एक सम्मेलन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्यों के पुलिस प्रमुखों को संबोधित करते हुए कहा था कि नक्सलियों के ख़िलाफ़ अभियान का कोई नतीजा नहीं निकला है और विद्रोही हिंसा कई राज्यों में बढ़ी है.














