
विस्फोटक बनाने की फैक्ट्री में हुए धमाके की चपेट में अनेक लोग आ गए
ख़बर है कि मध्य प्रदेश के सिंगरौली के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में धमाका होने से आठ लोगों की मौत हो गई और 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं.
स्थानीय पत्रकार राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रशासन ने बताया है कि इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है.
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मरनेवालों की संख्या बढ़ सकती है.
सिंगरौली के जिलाधिकारी टी नरहरि ने बताया कि ये धमाका आयडियल एक्सप्लोसिव्स इंडस्ट्रीज़ में हुआ.
बाद में इसकी चपेट में कुछ और फैक्ट्रियां आ गईं.
प्रशासन का कहना है कि घटनास्थल के लिए बचाव दल को रवाना कर दिया गया है.
ये दूरदराज का इलाक़ा है और धमाके की वजह से इलाक़े की बिजली व्यवस्था भंग हो गई जिसकी वजह से राहत कार्य में मुश्किल आ रही है.
सिंगरौली ज़िले के पास स्थित औद्योगिक क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां हैं जिनमें ऐसे रसायन तैयार किए जाते हैं जिनका इस्तेमाल विस्फोटकों में किया जाता है.
इन्हीं में से एक फैक्ट्री में रविवार रात धमाका हुआ और बाद में कुछ अन्य फैक्ट्रियों इसकी चपेट में आ गईं.














