सोमवार, 01 सितंबर, 2008 को 17:35 GMT तक के समाचार
कोमल नाहटा
वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार, मुंबई
लोग चाहे कुछ कहें सलमान ख़ान और कटरीना कैफ़ अब भी प्रेमी हैं. सुभाष घई की युवराज में तो दोनों एक साथ काम कर ही रहे हैं उसके अलावा भी ये दोनों प्रेमी रोज़ मिलते हैं.
इंडस्ट्री में कई लोग ये कह रहे हैं कि कटरीना की सालगिरह पर उनका शाहरुख़ ख़ान के साथ जो झगड़ा हुआ था, उसके कारण सलमान और कटरीना की दोस्ती टूट गई है.
लेकिन सच तो ये है कि दोनों प्रेमी एक दूसरे के दीवाने हैं. कुछ ही दिनों पहले सलमान और कटरीना मुंबई के जेडब्लू मैरिएट होटल में खाना खा रहे थे और एक-दूसरे पर इतना प्यार जता रहे थे कि पूछिए मत.
दस दिनों पहले जब सलमान की तबीयत ख़राब हुई तब कटरीना उनके पास नहीं थी क्योंकि वे उन दिनों रणबीर कपूर के साथ अजब प्रेम की गज़ब कहानी की शूटिंग कर रही थी.
लेकिन हर घंटे-दो घंटे में वे एसएमएस करके सलमान की तबीयत के बारे में पूछना नहीं भूलती थी.
***************************************************************
सफलता का राज़
रामगोपाल वर्मा और आमिर ख़ान शायद अब कभी साथ में काम नहीं करेंगे. फिर भी रामू आजकल आमिर की तारीफ़ करते नहीं थकते.
हाल ही में उन्होंने कहा कि पूरी इंडस्ट्री में एक ही शख़्स ऐसा है जो अपनी फ़िल्म की बिल्कुल सच्ची मार्केटिंग करते हैं और वो हैं आमिर ख़ान.
रामू ने कहा- चाहे उनकी फ़िल्म लगान हो या तारे ज़मीं पर या फिर उनकी नई फ़िल्म जाने तू या जाने ना, उन्होंने फ़िल्म की पब्लिसिटी में ऐसा कुछ नहीं दिखाया जिससे दर्शकों में कोई झूठी आशा पैदा हो जाती. उनकी जो भी फ़िल्में आई हैं, वही उनके ट्रेलर में भी नज़र आता है.
रामू की बात तो सोलह आने सच है. शायद ये भी एक वजह है कि आमिर ख़ान इतने कामयाब निर्माता हैं.
***************************************************************
पूरा हो रहा है सपना
आख़िर करीना कपूर का आमिर ख़ान के साथ काम करने का सपना पूरा होने जा रहा है. विनोद चोपड़ा की 3 इडियट्स की शूटिंग 26 अगस्त को एक हवाई जहाज़ में शुरू हो गई.
पहले दिन की शूटिंग में माधवन शामिल थे. आमिर और करीना अब 20 दिनों की शूटिंग लद्दाख में करेंगे.
3 इडियट्स का निर्देशन मुन्ना भाई एमबीबीएस और लगे रहो मुन्नाभाई बनाने वाले राजकुमार हिरानी कर रहे हैं.
ये फ़िल्म अगले साल रिलीज़ होगी. इससे पहले आमिर और करीना मणिरत्नम की लाजो में साथ आने वाले थे लेकिन वो फ़िल्म शुरू होने से पहले ही बंद हो गई.
***************************************************************
बिपाशा की नई मुश्किल
बिपाशा बसु और विवाद. ये हमेशा चलते ही रहते हैं. पहले बिपाशा ने अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को किस किया जिसकी वजह से मीडिया ने कहानियाँ बना दी कि जॉन और बिपाशा की प्रेम कहानी में दरार आ गई.
पिछले दिनों बिपाशा ने ये कहा कि अगर विजेंदर सिंह ने बॉक्सिंग में ओलंपिक गोल्ड जीता तो उनके साथ डेट पर जाएँगी. बिपाशा का ये कहना उन पर भारी पड़ रहा है.
हरियाणा में एक संस्था ने ऐसी अश्लील बात करने के लिए बिपाशा को माफ़ी मांगने के लिए कहा है. संस्था ने धमकी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे बिपाशा को अदालत में ले जाएँगे.
लेकिन बिपाशा डटी हुई हैं. वे माफ़ी हर्गिज़ नहीं मांगेंगी. अब अगर संस्था वाले ये भी तय करेंगे कि बिपाशा किसे डेट करें और किसे नहीं, तो हो गया कल्याण.
***************************************************************
पेंटर सल्लू
सलमान ख़ान की पेंटिंग के बड़े चर्चे हो रहे हैं. आमिर ख़ान ने बताया कि उन्होंने सलमान की पेंटिंग के बारे में प्रेस में कई रिपोर्टें पढ़ी थी लेकिन उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि सलमान इतनी बढ़िया पेंटिंग कर सकते हैं.
जब सलमान ने आमिर को एक पेंटिंग उनके सामने बनाकर दी तो आमिर भौंचक्के रह गए. अब आमिर सलमान के इस हुनर की तारीफ़ करते नहीं थकते.
वैसे सलमान की कलाकृतियों में सर्वधर्म की झलकियाँ अक्सर नज़र आती हैं. कभी हिंदू और कभी ईसाई धर्म के दृश्य तो कभी हिंदू और इस्लाम के दृश्य एक साथ एक ही पेंटिंग में होते हैं.
ऐसा लगता है जब सलमान एक्टिंग से कभी बोर हो जाएँगे तो उनके पास कमाने का नया साधन तैयार है.
***************************************************************
सब कुछ उल्टा-पुल्टा
सनी देओल को अपने या छोटे भाई बॉबी देओल के एक्टिंग करियर से ज़्यादा चिंता अपने बैनर विजेता फ़िल्म्स ही है. उनके बैनर तले बनी चमकू के प्रेस स्क्रीनिंग पर सनी ख़ुद आए और एक-एक पत्रकार से बात की.
उन्होंने बताया- बॉबी के बारे में तो आप लोग जैसा चाहेंगे लिखेंगे. लेकिन मेरा बैनर दोबारा खड़ा होने की कोशिश में है. कृपया बैनर के बारे में उल्टा-पुल्टा न लिखें.
शुक्रवार को जब फ़िल्म चमकू रिलीज़ हुई तो उसके कलेक्शन इतने कमज़ोर थे कि पिक्चर पहले शो से ही फ़्लॉप घोषित की गई.
हुआ ये कि जहाँ पत्रकारों ने बॉबी के काम की तारीफ़ की, वहीं फ़िल्म की बड़ी आलोचना की. यानी सनी को जो चाहिए था उससे एकदम उल्टा हुआ.