
छोटे पर्दे पर दस्तक देने वाला है सीरियल फौजी 2
शाहरुख़ खा़न ने मुंबई जा कर भले ही बॉलीवुड के बादशाह का ताज पहन लिया हो मगर क़रीब बीस साल पहले छोटे परदे पर आए उनके सीरियल फौ़जी को कौन भुला सकता है.
जी हाँ फौ़जी में उनके निभाए लेफ्टिनेंट अभिमन्यु राय के किरदार ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया था. और अब आप तैयार हो जाइए फौ़जी-2 देखने के लिए जो एक बार फिर छोटे पर्दे पर दस्तक देने वाला है.
क्लिक करें सुनिए श्रुति उल्फ़त को
अब सबसे पहला सवाल ज़हन में ये आता है कि शाहरुख़ खा़न फौजी-2 का हिस्सा होंगे या नहीं, और इस सवाल का जवाब हमें मिला, इस सीरियल में एक अहम किरदार निभा रहीं कलाकार श्रुति उल्फ़त से, जिन्होंने बीबीसी को बताया कि इस सीरियल की कहानी में कहीं न कहीं ऐसा मोड़ ज़रूर आएगा जहाँ फ़्लैशबैक में ही सही मगर शाहरुख़ को पर्दे पर लाना ही पड़ेगा.
श्रुति कहती हैं,''हालाँकि शाहरुख़ का इस सीरियल में ऐक्टिंग करना निश्चित तो नहीं है, मगर हो सकता है कि वो इसमें काम करने के लिए हाँ कह दें, क्योंकि फौजी सीरियल के साथ उनकी बहुत सी यादें जुडी हैं और उसी से उन्हें एक पहचान भी मिली थी.''

फ़ौजी 2 में श्रुति उल्फ़त मेजर अभिमन्यु राय की पत्नी का किरदार निभा रही हैं.
ये पूछे जाने पर कि फौजी-2 की कहानी में क्या कुछ होगा, श्रुति ने कहा कि इस सीरियल की कहानी मेजर अभिमन्यु राय के परिवार के इर्द गिर्द घूमती है, जो कारगिल युद्घ के दौरान लापता हो गए थे और उनके परिवार का ये मानना है कि शायद उन्हें युद्घ- बंदी बना लिया गया है. मेजर अभिमन्यु के साथ हुई इस घटना की वजह से उनका बेटा फौज में भर्ती नहीं होना चाहता.
श्रुति कहती हैं,'' इस सीरियल कि कहानी का रहस्य यही है कि मेजर अभिमन्यु वापिस लौट कर आते हैं या नहीं, और यदि वो वापिस लौट आते हैं तो उनके बेटे की इस पर कैसी प्रतिक्रिया रहती है.''
फौजी-2 में मेजर अभिमन्यु राय के बेटे का किरदार निभा रहे हैं पुलकित सम्राट, जो पहले, सीरियल 'सास भी कभी बहू थी' में काम कर चुके हैं. उनकी माँ का किरदार निभा रहीं श्रुति कहती हैं कि पुलकित एक बहुत बढ़िया कलाकार हैं और उनके साथ काम करके उन्हें बहुत मज़ा आ रहा है.
क्लिक करें सुनिए कर्नल कपूर को
इस सीरियल के निर्माता हैं शाहरुख़ खा़न की 'रेड चिलीज़ ईडियट बॉक्स' और फौ़जी में शाहरुख़ खान को डायरेक्ट कर चुके कर्नल कपूर, फौ़जी-2 से बतौर सुपरवाइज़िंग क्रिएटिव डाइरेक्टर जुड़े हैं. वे कहते हैं,'' इस सीरियल से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है. शाहरुख़ ने मुझसे कहा कि वो शुक्रगुजा़र हैं कि मैंने उन्हें फौ़जी में काम करने का मौका़ दिया."
फौ़ज पर एक और सीरियल बनाने का क्या मक़सद है, ये पूछे जाने पर कर्नल कपूर कहते हैं कि वो, युवा पीढ़ी को ये बताना चाहते हैं कि एक फौ़जी की ज़िंदगी कितनी खू़बसूरत होती है, जिसमें न सिर्फ़ आप शारीरिक, बल्कि मानसिक तौर पर भी मज़बूत बनते हैं, साथ ही साहस और विश्वास से भरी ज़िंदगी जीते हैं.

















