Advertisement

बड़े पर्दे पर फिर राजीव खंडेलवाल

राजीव खंडेलवाल

राजीव संजय लीला भंसाली के साथ काम कर रहे हैं

टेलीविज़न की दुनिया में ख्याति पाने के बाद राजीव खंडेलवाल को बड़े पर्दे पर भी काफ़ी सराहना मिली है.

अपनी पहली ही फ़िल्म 'आमिर' में राजीव ने अपने अभिनय से फ़िल्म समीक्षकों को ख़ूब लुभाया.

शायद राजीव की इसी प्रतिभा को देखकर निर्देशक संजय लीला भंसाली ने उन्हें अपनी अगली फ़िल्म 'चेनाब गांधी' के लिए साइन किया है.

उनका कहना था," मैं आपको ये तो नहीं बता सकता कि इस फ़िल्म में मेरा रोल क्या है लेकिन ये ज़रूर कह सकता हूं कि बहुत अच्छा और महत्वपूर्ण किरदार है."

राजीव खंडेलवाल कहते हैं,"संजय लीला भंसाली अपनी फ़िल्मों के बारे में मीडिया को ज़्यादा नहीं बताते इसलिए मैं भी इस फ़िल्म के बारे में कुछ नहीं कह सकता सिवाए इसके कि 'चेनाब गांधी' की पटकथा बहुत शानदार है."

संजय लीला भंसाली अपनी फ़िल्मों के बारे में मीडिया को ज़्यादा नहीं बताते इसलिए मैं भी इस फ़िल्म के बारे में कुछ नहीं कह सकता सिवाए इसके कि 'चेनाब गांधी' की पटकथा बहुत शानदार है.

राजीव खंडेलवाल

वो कहते हैं, "मैंने संजय लीला भंसाली के साथ एक फ़ोटो-शूट किया है और इसी दौरान मुझे समझ आ गया कि वो अपना काम कितनी बारीकी से करते हैं."

उनका कहना था," वैसे इस फ़िल्म की शूटिंग अभी शुरु नहीं हुई है. लेकिन अगर ये शुरु हुई और मैं इसमें रहा तो मुझे अमिताभ बच्चन जैसे अभिनेता के साथ भी काम करने का मौक़ा मिलेगा."

राजीव ने फ़िल्मों में काम शुरु करने से पहले 'कहीं किसी रोज़' और 'लेफ़्ट राइट लेफ़्ट' जैसे टीवी धारावाहिकों में काम किया है. 'कहीं किसी रोज़' के सूजल ने उनकी एक रूमानी हीरो वाली छवि बना डाली.

राजीव बताते हैं," असल ज़िंदगी में भी मैं रूमानी हूं लेकिन अगर आप देखें तो मैं जो फ़िल्में कर रहा हूं वो पूरे तौर पर रूमानी नहीं हैं. मैं तो हर तरह के किरदार करना चाहता हूं."

वो कहते हैं कि चेनाब गांधी के ज़रिए उन्हें अपनी प्रतिभा को और निखारने का मौक़ा मिला है और उन्हें लगता है कि ये उनकी सर्वश्रेष्ठ अभिनय वाली फ़िल्मों में से एक होगी.

उनका कहना था,'' 'चेनाब गांधी' एक बड़े बैनर की बड़ी फ़िल्म है लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि मैं सिर्फ़ बड़ी फ़िल्मों में ही काम करना चाहता हूं. मेरी पहली ही फ़िल्म छोटे बजट की थी. मेरे लिए किरदार फ़िल्म से ज़्यादा मायने रखता है.''

राजीव की आने वाली और फ़िल्मों में शामिल हैं 'पीटर गया काम से' और 'रिटर्न गिफ़्ट'.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.