Advertisement

प्रीति के कई रोल

प्रीति ज़िंटा

प्रीति ज़िंटा आजकल एक आइटम नंबर में नज़र आ रही हैं

प्रीति ज़िंटा आजकल फ़िल्म ‘मैं और मिसेज़ खन्ना’ में अपने आइटम नंबर की वजह से सुर्ख़ियों में है.

उनका कहना है कि फ़िल्म में उनका रोल ‘नमक’ के जैसा है यानि उसे और स्वादिष्ट बनाता है. इस फ़िल्म में प्रीति मेहमान कलाकार के रूप में नज़र आ रही हैं.

वैसे प्रीति के इस आइटम नंबर की तुलना एश्वर्या राय के गाने ‘कजरारे’ से की जा रही है क्योंकि लोगों का कहना है कि प्रीति ने बिल्कुल वैसे ही कपड़े पहने हैं और मेक-अप इस्तेमाल किया है.

“मुझे नहीं लगता कि एश्वर्या के गाने में उनके पहनावे से मेरे गाने के पहनावे की तुलना जायज़ है. एक लहंगे से दूसरा लहंगा भला कितना फ़र्क़ हो सकता है”, प्रीति कहती हैं.

“लेकिन मुझे बुरा नहीं लगता कि लोग मेरी एश्वर्या से तुलना कर रहे हैं क्योंकि वो तो इतनी ख़ूबसूरत हैं और इतना बढ़िया नृत्य करती हैं. इसके अलावा वो मेरी बहुत अच्छी दोस्त भी हैं”.

इस फ़िल्म में प्रीति की भूमिका काफ़ी ग्लैमर वाली है. लेकिन प्रीति ने इन ख़बरों का खंडन किया है कि इसके लिये उन्होंने कड़ी डाइट की और बहुत कसरत भी.

वैसे प्रीति अपने फ़िल्मी रोल के अलावा एक महत्वपूर्व निजी रोल भी निभा रही हैं. प्रीति को सामाजिक कार्यों में दिलचस्पी है और इसलिये उन्होंने 34 अनाथ बच्चियों के लालन-पालन और पढ़ाई-लिखाई का ज़िम्मा लिया है.

प्रीति कहती हैं कि उन्होंने ये फ़ैसला तब लिया जब उनके साथ दो ऐसे हादसे हुए जिन्होंने उनपर गहरा प्रभाव छोड़ा. एक तो था श्रीलंका में एक बम धमाके में बाल-बाल बचना और दूसरा थाइलैंड में सूनामी का अनुभव.

“इन हादसों ने मेरा जीवन के प्रति रवैया बदल दिया. मैं चाहती थी कि मैं दूसरे लोगों की ज़िंदगी में कुछ सकारात्मक बदलाव ला सकूं”, प्रीति कहती हैं.

प्रीति की गोद ली हुईं ये लड़कियां ऋषिकेश के एक स्कूल में रहती और पढ़ती हैं.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.