आमिर ख़ान इन दिनों करीना कपूर से काफ़ी खुश हैं. जी हां, सुनने में आया है कि करीना ने आमिर के साथ अपने जन्मदिन वाले दिन भी शूटिंग के लिए हामी भर दी है.

करीना कपूर का जन्मदिन 21 सितंबर को है
दरअसल करीना इस बार अपना जन्मदिन (21 सितंबर) अपने पूरे परिवार और सैफ़ के साथ कहीं बाहर जाकर मनाने वालीं थीं.
लेकिन अब वे उसे रोककर आमिर के साथ राजकुमार हीरानी की फ़िल्म थ्री इडियट्स की शूटिंग करने को तैयार हुईं.
हमने आपको ये ख़बर दी थी कि आमिर की पत्नी किरण का गर्भपात होने की वजह से आमिर काफ़ी समय तक इस फ़िल्म की शूटिंग नहीं कर पाए थे.
लेकिन आमिर के वापस लौटने के बाद करीना की तारीख़ मिलने में परेशानी हो रही थी तब आमिर ने उनसे निवेदन किया.
हालांकि आमिर को पता नहीं था कि इसी बीच में करीना का जन्मदिन भी होता है. बाद में आमिर को जब पता चला तो उन्होंने करीना से क्षमा मांगी.
लेकिन करीना एक सच्चे प्रोफ़ेशनल की तरह जन्मदिन के दिन भी शूटिंग करने के फ़ैसले पर टिकी रहीं.
******************************************************************
कटरीना का स्पष्टीकरण
कटरीना कैफ़ के बारे में मीडिया में जबसे ये कहा गया कि वो आदित्य चोपड़ा की अगली फ़िल्म में शाहरुख़ ख़ान के साथ दिखाई देंगी, तब से वो लोगों को स्पष्टीकरण देती फिर रही हैं.

कटरीना को फ़िल्म तो मिली है लेकिन हीरो का पता नहीं
दरअसल हुआ ये है कि कटरीना यशराज की एक फ़िल्म में काम तो ज़रूर कर रही हैं, लेकिन उसका निर्देशन आदित्य चोपड़ा कर रहे हैं और उसमें शाहरुख़ मुख्य भूमिका में होंगे- इस बात की जानकारी तो कटरीना को भी नहीं.
आपको तो याद ही होगा कि पिछले साल कटरीना के जन्मदिन पर सलमान और शाहरुख़ के बीच काफ़ी झगड़ा हो गया था.
बाद में जब ये ख़बर आई कि कटरीना और शाहरुख़ एक साथ यशराज की फ़िल्म में नज़र आएंगे तो लोगों को आश्चर्य भी हुआ था.
लेकिन इस ख़बर की तो कटरीना ने ख़ुद ही हवा निकाल दी है.
******************************************************************
पत्रकार कंगना

कंगना पत्रकार की भूमिका में नज़र आएँगी
कंगना राणावत ने हाल ही में एक फ़िल्म साइन की है जिसमें वो एक पत्रकार की भूमिका निभाने वाली हैं.
माना जा रहा है कि उनका ये रोल मशहूर टीवी पत्रकार बरखा दत्त से प्रभावित है.
अब ये कहने वाली बात तो है नहीं कि कंगना इस रोल को लेकर कितनी उत्साहित होंगी.
वैसे ख़बरों पर यक़ीन करें तो इस फ़िल्म का निर्देशन दक्षिण के मशहूर निर्देशक मणिशंकर करेंगे और इसमें संजय दत्त और इरफ़ान ख़ान भी मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएँगे.
******************************************************************
गिनीज बुक में प्रियंका?
प्रियंका चोपड़ा की आने वाली फ़िल्म व्हाट्स योर राशि में उन्होंने 12 अलग-अलग किरदार निभाए हैं और इस फिल्म के निर्देशक हैं आशुतोष गोवारिकर.

प्रियंका चोपड़ा ने बारह किरदार निभाए हैं
माना जा रहा है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी भी एक अभिनेत्री ने एक ही फिल्म में 12 अलग-अलग किरदार निभाए हों.
इसीलिए कहा जा रहा है कि फ़िल्म के निर्देशक ने ही प्रियंका का नाम ‘गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के लिए भेजा है.
वैसे बीबीसी से बातचीत में उन्होंने इस रोल को करने का अपना अनुभव बांटते हुए कहा कि उन्हें ये रोल निभाने में ख़ासा मज़ा आया.
प्रियंका ने कहा- बारह अलग-अलग लड़कियाँ और वो सभी राशियों का प्रतिनिधित्व करती हैं. मैं समझती हूँ कि बड़ा चुनौतीपूर्ण रहा है मेरे लिए ये सब कर पाना.
******************************************************************
महंगा पड़ा स्टारडम
किसी अभिनेता के लिए सुपर स्टारडम महंगा पड़ जाए ये बात थोड़ी आसानी से समझ में नहीं आती है.

शाहिद की फ़िल्म कमीने पसंद की गई है
लेकिन अभिनेता शाहिद कपूर को देखकर तो यही लगता है. सुनने में आया है कि शाहिद अपने लिए अंगरक्षक रखने की सोच रहे है.
गौरतलब है कि फ़िल्म कमीने की सफलता के बाद शाहिद कपूर के प्रशंसकों की संख्या काफ़ी बढ़ गई है.
फ़िल्म के प्रदर्शित होने के बाद जब शाहिद एक मल्टीप्लेक्स में पहुँचे तो लोगों से घिर गए और घिरे भी ऐसे कि उन्होंने उस भीड़ में अपना काफ़ी महंगा चश्मा भी खो दिया.
प्रशंसकों की इस भीड़ से डर कर शाहिद ने अपनी सुरक्षा के लिए अंगरक्षक रखने का फ़ैसला किया है. भई ये तो अच्छी रही पहले भाव बढाओ और बाद में सुरक्षा.














