Advertisement

पॉप स्टार माइकल जैक्सन नहीं रहे

माइकल जैक्सन

जैक्सन के चाहने वालों की भीड़ अस्पताल के पास जमा होने लगी है

दुनिय भर में 'किंग ऑफ़ पॉप' के नाम से प्रसिद्ध माइकल जैक्सन का निधन हो गया है. वे 50 वर्ष के थे.

ख़बरों के मुताबिक लॉस एंजलिस में अपने घर पर उन्हें का दिल का दौरा पड़ा था. उसके बाद उन्हें अस्पताल में दाख़िल किया गया.

लॉस एंजलिस के फ़ायर विभाग ने इस बात की पुष्टि की है कि डॉक्टरों को शहर के बेल एयर इलाक़े में माइकल जैक्सन के घर बुलाया गया था.

ख़बरों में बताया गया है कि जब चिकित्सा सहायता देने वाले उनके घर पहुंचे तो वह सांस नहीं ले रहे थे.

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें उकला मेडिकल सेंटर ले जाया गया जहाँ उनका सीपीआर किया गया.

जैक्सन के चाहने वालों की भीड़ अस्पताल के पास जमा होने लगी है और इमर्जेंसी वार्ड को पुलिस ने घेरे में ले लिया है.

अमरीकी पॉप स्टार माइकल जैक्सन अगले महीने लंदन के ओ-टू एरीना में 10 कंसर्ट की एक श्रृंखला पेश करने वाले थे.

वे कई साल बाद कंसर्ट करने वाले थे. जैक्सन ने अपने प्रशंसकों और मीडिया के बीच घोषणा की थी कि यह लंदन में उनका आख़िरी शो होगा.

पचास वर्षीय माइकल जैक्सन पिछले कई सालों से वित्तीय और क़ानूनी संकट झेल रहे थे और वर्ष 2001 के बाद से उन्होंने कोई बड़ा लाइव शो नहीं किया था.

परेशानी का दौर

इससे पहले माइकल जैक्सन वर्ष 2006 में 'वर्ल्ड म्यूज़िक अवॉर्ड्स' के दौरान अपने प्रशंसकों के बीच आए थे और तब उन्होंने अपने गाने 'वी आर द वर्ल्ड' की कुछ पंक्तियाँ गाकर सुनाई थीं

माइकल जैक्सन

माइकल जैक्सन का पूरा नाम माइकल जोसेफ़ जैक्सन था.

उन्होंने अपना आख़िरी वर्ल्ड टूर 12 साल पहले किया था. 1996-97 में उन्होंने दुनिया के 58 शहरों में 82 लाइव शो किए थे.

लेकिन इसके बाद से वे उन सभी बातों के लिए चर्चा में रहे जो उनके गाने से संबंधित नहीं था.

वे अपनी व्यक्तिगत कहानियों, स्वास्थ्य और वित्तीय संकट के कारण चर्चा में रहे.

चार महीने चली अदालती सुनवाई के बाद वर्ष 2005 में उन्हें बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप से बरी किया गया.

इस बीच वे अपनी हज़ारों निजी वस्तुओं की नीलामी रोकने की कोशिशों में लगे रहे.

सफ़र

माइकल जैक्सन का पूरा नाम माइकल जोसेफ़ जैक्सन था. वे 29 अगस्त 1958 को अमरीका के इंडियाना प्रांत के गैरी में पैदा हुए.

उन्हें पॉप के बादशाह के तौर पर जाना जाता था. उन्हें वैको जैको भी कहा जाता था.

उनके बेहतरीन गीतों में आइ वॉंट यू बैक, डोंट स्टॉप टिल यू गेट एनफ़, बिल्ली जीन, बैड, ब्लैक और व्हाइट, अर्थ सॉंग शामिल हैं.

सात भाई बहनों में वह सातवें नंबर पर थे. उन्होंने 1964 में अपने भाई के पॉप ग्रुप से शुरूआत की थी.

सन 1975 में उन्होंने मोटाउन छोड़ कर सीबीएस रिकॉर्डस से दो करोड़ अमरीकी डॉलर का कॉंट्रैक्ट किया.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.