|
|
 |
बुधवार, 19 मार्च, 2003 को 04:59 GMT तक के समाचार भारतीय महिलाएँ क्लीनबोल्ड!
|

क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत के जीतने से देश में उत्साह है
|
भारत में जहाँ लगभग सबको हर जगह क्रिकेट का जैसे बुखार हो गया है, वहीं महिलाएँ भी इससे अछूती नहीं रह सकी हैं.
अब तक तो पुरुष टेलीविज़न पर मैच देखते रहते थे और महिलाओं को ज़बरदस्ती क्रिकेट देखना पड़ता था.
लेकिन क्रिकेट वर्ल्ड कप और उसमें भारतीय टीम के अच्छे प्रदर्शन के बाद महिलाएँ भी बहुत अधिक संख्या में क्रिकेट देख रही हैं.
एक जानी-मानी भारतीय पत्रिका के अनुसार भारत में वर्ल्ड कप क्रिकेट देखने वालों में से लगभग 50 प्रतिशत महिलाएँ हैं.
 मंदिरा को क्रिकेट प्रोग्राम से लोकप्रियता मिली है | इस बात की पुष्टि इससे भी होती है कि बहुत से टीवी चैनलों ने मैच पर रिपोर्टिंग करने के लिए महिला संवाददाताओं को दक्षिण अफ़्रीका भेजा है.
केवल दो ही महीने पहले सीरियलों में अभिनय करने वाली मंदिरा बेदी को कुछ ही लोग पहचानते थे लेकिन एक चैनल पर क्रिकेट के बारे में जानकारी देने वाली मंदिरा देशभर में प्रसिद्ध हो गई हैं.
एक गृहणी का तो कहना था कि मंदिरा को अभिनय के मुक़ाबले क्रिकेट वर्ल्ड कप के कारण कहीं अधिक प्रसिद्धी प्राप्त हुई है.
उनकी पोशाक को भी बहुत ध्यान से देखा जाता है और कुछ महिलाएँ कहती हैं कि कभी-कभी तो क्रिकेट के मुक़ाबले उनका ध्यान मंदिरा की पोशाक पर ज़्यादा जाता है.
बहुत सारी महिलाओं का कहना है कि वे क्रिकेट को उतना ही ध्यानपूर्वक देखती हैं जितना कि पुरुष और अब उन्हें ज़बरदस्ती टीवी के सामने नहीं बैठना पड़ता.
दिलचस्पी बढ़ी
अब तक फ़िल्म स्टारों से आकर्शित होने वाली महिलाएँ क्रिकेट प्रेमी बन गई हैं.
 वर्ल्ड कप शुरु होने के बाद शिखा की इसमें दिलचस्पी बढ़ी | दिल्ली की एक 70-वर्षीय गृहणी कृष्ण बाला ने बीबीसी को बताया," मेरे पति तो टीवी पर हर महत्वपूर्ण मैच को देखते ही हैं लेकिन अब मुझे भी इस खेल में दिलचस्पी हो गई है."
एक साल पहले इनका क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं था.
एक डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म निर्माता शिखा झींगन कहती हैं, "दो साल से मैं क्रिकेट नहीं देख रही थी. लेकिन वर्ल्ड कप के शुरु होने के बाद मेरा क्रिकेट देखने का शौक फिर जागृत हो गया है."
उनके सबसे प्रिय खिलाड़ी है राहुल द्रविड़.
वे कहती हैं कि द्रविड़ विश्वसनीय खिलाड़ी हैं, देखने में भी अच्छे लगते हैं और पूरी टीम को साथ लेकर चलते हैं.
भारत में टीवी सीरियलों के मुक़ाबले कहीं अधिक लोग क्रिकेट को देख रहे हैं.
कई लड़कियाँ तो बीयर पब में दोस्तों के साथ क्रिकेट देखती हैं जहाँ बड़ी स्क्रीन पर मैच दिखाए जाते हैं.
लेकिन क्रिकेट का आकर्षण केवल भारतीय महिलाओं तक सीमित नहीं है.
ख़बरों के अनुसार भारत में अमरीका के राजदूत रॉबर्ट ब्लैकविल कहते हैं कि उनकी पत्नी भी अब सारी-सारी रात जग कर क्रिकेट के मैच देखती हैं. |
|
|
 |
 |
इंटरनेट लिंक्स
 |
 |
क्रिकेट वर्ल्ड कप |
बीबीसी अन्य वेब साइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है
 |
|