bbc.co.uk navigation

यूटीवी का हिस्सा ख़रीदने पर वॉल्ट डिज़्नी राज़ी

 बुधवार, 1 फ़रवरी, 2012 को 14:48 IST तक के समाचार

डिज़्नी भारत के बाज़ार में पहले ही सेंध लगा चुका है

मनोरंजन के क्षेत्र में दुनिया भर में मशहूर वॉल्ट डिज़्नी भारत की बड़ी मीडिया कंपनियों में से एक यूटीवी की हिस्सेदारी ख़रीदने पर राज़ी हो गया है. इससे वॉल्ट डिज़्नी को भारत में अपना विस्तार करने में मदद मिलेगी.

पिछले महीने भारत की कैबिनेट ने यूटीवी के शेयर ख़रीदने के वॉल्ट डिज़्नी के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी थी.

दोनों कंपनियों ने ये नहीं बताया है कि हिस्सेदारी ख़रीदने के लिए डिज़्नी यूटीवी को कितना भुगतान करेगी.

ग़ौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय फ़िल्में अपने बाज़ार को विस्तार देने के इरादे से भारत में अपनी मौज़ूदगी बढ़ाने की कोशिश करती रही हैं.

डिज़्नी इंटरनेशनल के अध्यक्ष एंडी बर्ड का कहना है, अपने ब्रांड की मौज़ूदगी बढ़ाना और दुनिया के प्रमुख बाज़ारों में पहुंच बनाना हमारी आगे बढ़ने की रणनीति का एक अहम हिस्सा है.

डिज़्नी की बढ़ती मौज़ूदगी

डिज़्नी भारत के बाज़ार में पहले ही सेंध लगा चुका है जहां वो फ़िलहाल तीन टीवी चैनलों का संचालन कर रहा है.

वहीं यूटीवी फ़िल्म और टीवी प्रोडक्शन के साथ ही गेमिंग तथा एनीमेशन क्षेत्र में जाना जाता है.

डिज़्नी का कहना है कि भारतीय साझेदार का साथ मिलने से उसे वहां अपना दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी जहां उपभोक्ताओं की कोई कमीं नहीं है.

डिज़्नी इंटरनेशनल के अध्यक्ष एंडी बिर्ड का कहना है कि इस क़दम से कंपनी को दुनिया की दूसरी सबसे ज़्यादा आबादी वाले मुल्क़ तक पहुंचने में मदद मिलेगी.

यूटीवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और संस्थापक अध्यक्ष रोनी स्क्रूवाला को डिज़्नी ने अपने इस नयी परियोजना का प्रबंध निदेशक बनाया है.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.