अमरीका की विकास दर बढ़ी, इटली-स्पेन की रेटिंग गिरी

 शनिवार, 28 जनवरी, 2012 को 05:51 IST तक के समाचार

यूरोप के मुकाबले में अमरीका के आर्थिक सुस्ती से बाहर निकलने के अधिक आसार हैं

जहाँ स्पेन की अर्थव्यवस्था के ताज़ा आंकड़े दिखाते हैं कि श्रमिक वर्ग में से 25 प्रतिशत बेरोज़गार हैं, वहीं पिछले साल में सबसे बेहतर प्रदर्शन दिखाते हुए अमरीकी अर्थव्यवस्था पिछले साल के अंतिम तीन महीनों में 2.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है.

उधर क्रेडिट रेटिंग एजेंसी फ़िच ने स्पेन और इटली की रेटिंग यानी उसके क़र्ज लेने और फिर लौटा पाने की क्षमता का स्तर घटा दिया है. यूरोपीय देश - बेलजियम, स्लोवेनिया और साईप्रेस की क्रेडिट रेटिंग को भी घटाया गया है.

इसके ठीक उलट पिछले कुछ महीनों में अमरीकी अर्थव्यवस्था के यूरोप के मुक़ाबले में आर्थिक सुस्ती के दौर से बाहर निकलने के अधिक आसार दिख रहे हैं.

अमरीका में उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ा है और अमरीकियों ने कारों, ट्रकों और अन्य सामान की खरीद में पैसा लगाया है. कंपनियों ने नए औज़ार खरीदने में निवेश किया है.

बेरोज़गारी की दर अब भी काफ़ी अधिक है लेकिन यह पिछले छह महीने में लगातार गिर रही है.

"अमरीका ने अचानक कटौतियों का दौर नहीं शुरु किया है. ब्याज दरें अब भी बहुत कम हैं और अमरीकी डॉलर को अब भी एक सुरक्षित मुद्रा माना जाता है. बेरोज़गारी की दर संभवत: अगले कुछ सालों में और गिरेगी. लेकिन सरकारी क़र्ज़ बहुत अधिक है और उसे ख़र्च में कमी लानी होगी लेकिन यूरो के भविष्य से अमरीका को ख़तरा बना हुआ है."

आर्थिक विश्लेष साइमन जॉनसन

आर्थिक विश्लेषक साइमन जॉनसन के अनुसार, "अमरीका ने अचानक कटौतियों का दौर नहीं शुरु किया है. ब्याज दरें अब भी बहुत कम हैं और अमरीकी डॉलर को अब भी एक सुरक्षित मुद्रा माना जाता है. बेरोज़गारी की दर संभवत: अगले कुछ सालों में और गिरेगी. लेकिन सरकारी क़र्ज़ बहुत अधिक है और उसे ख़र्च में कमी लानी होगी लेकिन यूरो के भविष्य से अमरीका को ख़तरा बना हुआ है."

16-24 उम्र में आधे बोरोज़गार

उधर स्पेन से प्राप्त ताज़ा आंकड़ों के अनुसार देश का एक चौथाई यानी 25 प्रतिशत श्रमिक वर्ग बेरोज़गार है. पिछले साल के अंतिम तीन महीनों में बेरोज़गारों की संख्या 53 लाख हो गई.

सोलह वर्ष से 24 वर्ष तक की उम्र के लोगों में से आधे बेरोज़गार हैं.

पूरे यूरोज़ोन में स्पेन में बेरोज़गारी की दर सबसे अधिक है और ये डर है कि वह फिर से आर्थिक मंदी की चपेट में आ सकता है.

बीबीसी संवाददाता के अनुसार पिछले चार साल में बेरोज़गारी की दर तीन गुना हो गई है और ये स्थिति आर्थिक समृद्धि के लंबे समय के बाद आई है जब स्पेन के हाऊसिंग और कनस्ट्रकशन क्षेत्र में मंदी का दौर आया.

स्पेन की सरकार को बेरोज़गारी भत्ते पर काफ़ी ख़र्च करना पड़ रहा है और आयकर के ज़रिए उसकी आमदनी कम है जिसके कारण बजट घाटा बढ़ रहा है.

अगले सोमवार को यूरोपीय संघ के नेता ब्रसेल्स में सम्मेलन कर रहे हैं जिसमें आर्थिक विकास और बेरोज़गारी के मुद्दे छाए रहेंगे.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.