Advertisement

बेयर स्टर्न्स के पूर्व मैनेजर बरी

अमरीकी इंवेस्टमेंट बैंक बेयर स्टर्न्स के दो पूर्व मैनेजरों रेल्फ़ सियोफ़ी और मैथ्यू टैनिन को न्यूयॉर्क की ज्यूरी ने निर्दोष करार दिया है.

बेयर स्टर्न्स पिछले साल वैश्विक वित्तीय संकट के चपेट में आ गया था और अमरीकी फ़ेडरल रिज़र्व के समर्थन से अमरीकी बैंक जेपी मॉर्गन इसे खरीद लिया था.

रेल्फ़ सियोफ़ी और मैथ्यू बेयर स्टर्न्स के ऐसे हेज फ़ंड के प्रमुख थे जो बाज़ार में 20 अरब डॉलर लगाता था. अभियोजन पक्ष का तर्क था कि जब उनके फंड को ज़बरदस्त घाटा हो रहा था तब भी इन्होंने उपभोक्ताओं से झूठ बोला ताकि बोनस पर कुछ असर न पड़े.

इनपर आरोप था कि इन्हें ये अंदाज़ा था कि संकट कितना बड़ा है लेकिन ये बातों पर पर्दा डालते रहे. फ़ंड के निवेशकों को इससे करीब 1.6 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था.

वित्तीय संकट

वित्तीय संकट शुरु होने के बाद गिरफ़्तार होने वाले रेल्फ़ सियोफ़ी और मैथ्यू टैनिन पहले बड़े अधिकारी थे. महीने भर तक चली सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने इन ई-मेलों पर ध्यान केंद्रित किया जो दोनों ने एक दूसरे को भेजी थीं.

टीकाकारों का कहना है कि मामले की जटिलता को देखते ये आशंका पहले से ही थी कि बेयर स्टर्न्स के पूर्व अधिकारियों को सज़ा नहीं होगी. वित्तीय संकट के दौरान हुई धाँधली के मामलों पर इस मुकदमे का असर पड़ सकता है.

पिछले साल आर्थिक संकट के दौरान कई बड़े बैंक दिवालिया हो गए थे. सितंबर 2008 में लीमन ब्रदर्स ने दिवालिया होने की अर्ज़ी दी थी तो गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली ने ख़ुद को निवेश बैंक की बजाए पारंपरिक बैंक घोषित कर दिया था. मेरिल लिंच को किसी अन्य कंपनी ने खरीद लिया था.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.