ओपेल को बेचने का फ़ैसला वापस

जनरल मोटर्स

जीएम के मुताबिक कारोबारी माहौल में सुधार हो रहा है.

जनरल मोटर्स ने यूरोप में ओपेल ब्रांड से चल रहे अपने कार कारोबार को बेचने की योजना वापस ले ली है.

अमरीकी कंपनी जनरल मोटर्स ने अपने बयान में कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान कारोबारी माहौल में सुधार हुआ है जिसे देखते हुए ये फ़ैसला लिया गया.

इससे पहले कंपनी ने ओपेल और वॉक्सहॉल को कनाडा की कंपनी मैग्ना के हाथों बेचने पर सहमति दी थी.

अब जनरल मोटर्स का कहना है कि वह ओपेल को मदद देने के लिए जर्मनी की सरकार और अन्य यूरोपीय देशों से अपील करेगी.

कंपनी के मुताबिक ओपेल और वॉक्सहॉल विश्व बाज़ार में उसकी मौजूदगी के प्रतीक हैं, इसलिए इन्हें बेचना ठीक नहीं होगा.

इन दोनों ब्रांडों के कारोबारी मॉडल का पुनर्गठित किया जाएगा.

हालाँकि ओपेल को न बेचने के फ़ैसले का यूरोप में विरोध हो सकता है क्योंकि कनाडाई कंपनी मैग्ना ओपेल को ख़रीदने के लिए साढ़े छह अरब डॉलर का कर्ज़ पहले ही ले चुकी है.

जर्मन सरकार के प्रवक्ता उलरिच विल्हेम ने जनरल मोटर्स के फ़ैसले पर दुख जताया है. दूसरी ओर मैग्ना ने संक्षिप्त बयान में कहा है कि वह ओपेल और जीएम का भविष्य में भी समर्थन करेगा.

कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि जीएम की इच्छा कभी भी ओपेल को बेचने की नहीं थी, सिर्फ़ वित्तीय कारणों से उसे ऐसी घोषणा करने पर मज़बूर होना पड़ा था.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.