Advertisement

डाओ जोन्स 10 हज़ार के ऊपर

अमरीका में डाओ जोन्स सूचकांक बुधवार को 10,000 अंको से ऊपर बंद हुआ.

पिछले एक साल से भी ज़्यादा समय में ऐसा पहली बार हुआ है कि डाओ सूचकांक के इस स्तर तक पहुँच पाया है.

आर्थिक मंदी की मार झेल रहे और अब मंदी से उबरने की राह पर बढ़ रहे अमरीका में शेयर बाज़ार मंदी की मार से बुरी तरह प्रभावित था.

हालांकि यह सुधार अच्छा संकेत तो है पर इससे यह नहीं कहा जा सकता कि यह मंदी के दौर के खत्म होने या बाज़ार के संभलने का उदाहरण है.

ये सूचकांक वित्तीय संकट के दौर में जितना लुढ़का था, उससे थोड़ा-सा संभला है पर पूरी तरह से उबरा नहीं है.

न्यूयॉर्क में बीबीसी संवाददाता मिशेल फ्लूरी का कहना है कि न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज के सत्र के समापन की घंटी बजते ही एक नया मुकाम हासिल हुआ.

निवेशकों का कहना है कि 10,000 अंकों तक पहुंचने से संकेत मिल रहे हैं कि अर्थव्यवस्था के मंदी के दौर का सबसे बुरा समय पूरा हो गया है.

मंदी की मार

पिछले वर्ष अक्टूबर में अमरीका के प्रमुख बैंक वित्तीय घाटे के बोझ तले दब रहे थे और अमरीकी सरकार की पूरी कोशिश वित्तीय व्यवस्था को धराशाई होने से बचाने की थी.

शेयर लगातार गिरते रहे और मार्च में पिछले 12 वर्षों के सबसे नीचे स्तर पर पहुंच गए.

हालांकि शेयरों में इसके बाद 53 प्रतिशत का सुधार देखने को मिला पर अब भी डाओ सूचकांक अपने सबसे ऊंचे स्तर से बहुत दूर है.

बेरोज़गारी की 10 प्रतिशत की दर के साथ अमरीकी अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से मंदी से उबरने में अभी काफी समय लगेगा.

बाज़ार के मौजूदा उत्साह के बराबर अर्थव्यवस्था में सुधार अभी दूर लग रहा है॰

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.